मुंबई में फ्लैट से लाखों रुपए की संपत्ति उड़ाने वाला फरार बदमाश चढ़ गया पुलिस के हत्थे
मुंबई – इंद्रदेव पांडे
मुंबई के ताड़देव स्टेशन क्षेत्र के दीनानाथ मंगेशकर रोड स्थित सुमित बिल्डिंग में धीरज सांध्वी के फ्लैट से लाखों रुपए की संपत्ति उड़ाने वाला बदमाश मंगलवार की देर रात पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मुंबई पुलिस व सोनकी ओपी की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के कपछाही गांव में छापेमारी कर आरोपित सियाराम मुखिया उर्फ मोहन मुखिया को दबोच लिया। उसके घर से पुलिस ने काफी मात्रा में चोरी किए गए सामान को बरामद कर लिया। मुम्बई पुलिस सियाराम मुखिया को साथ लेकर बुधवार को यहां से रवाना हो गई।
सहायक पुलिस निरक्षक सचिन माने के नेतृत्व में मुंबई पुलिस की तीन सदस्यीय दल सियाराम की तलाश में मंगलवार को सोनकी थाना पहुंचा था। चोरी किए गए मोबाइल फोन के सर्विलांस से पुलिस ने उसके टावर लोकेशन का पता लगाया था। सोनकी ओपी अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता से संपर्क करने के बाद पुलिस की दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से कपछाही में सियाराम के घर पर छापेमारी की थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके घर से सोना-चांदी के कुछ जेवरात, ६४ सौ रुपये नगद, दो कैमरे, दो मोबाइल फोन, एक दर्जन घड़ी आदि सामान बरामद करने में सफलता पायी। वहीं चोरी की घटना में शामिल एक अन्य युवक को पुलिस ने बुधवार को मुम्बई के कुर्ला स्थित लोकमान्य तिलक टर्मिनल से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान सोनकी ओपी क्षेत्र के गोटही टोला मेकना निवासी चंदन मुखिया के रूप में की गई है। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित अपने गांव आ गए थे। चंदन पुन: २४ फरवरी को दरभंगा से मुम्बई के लिए रवाना हुआ था। उनलोगों ने १९ फरवरी को घटना को अंजाम दिया था।सोनकी ओपी अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने इसकी पुष्टि की है।