नदी तैरकर भारत में घुसे बांग्लादेशी बाप-बेटे, ठेकेदारी पर BMC में करने लगे नौकरी; पुलिस ने इत्तेफाक से दबोचा…….
मुंबई। मुंबई की वर्सोवा पुलिस ने दो बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पिता-पुत्र हैं। दोनों नदी तैरकर भारत में ठीक वैसे ही घुसे जैसे अभिनेता सैफ अली खान पर हमले का आरोपी शरीफुल इस्लाम दाखिल हुआ था।
जानकारी के मुताबिक शरीफुल दावकी नदी के रास्ते भारत में घुसा था। वहीं ये पिता-पुत्र पद्मा नदी तैरकर भारत में दाखिल हुए। हालांकि अब पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं।
ठेकेदारी से बीएमसी में करते थे काम
अधिकारियों के मुताबिक दोनों ठेकेदार के माध्यम से बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) में काम करते थे। आरोपियों की पहचान बुख्तियार दोसुर शेख (70) और उसके बेटे मोनर बुख्तियार शेख (35) के तौर पर हुई है। दोनों अंधेरी पश्चिम के वर्सोवा में यारी रोड पर रहते थे। वे बांग्लादेश के खुलना के जीबननगर के अंदुलबरिया गांव के रहने वाले हैं।
बांग्लादेश में गंगा नदी को पद्मा कहा जाता है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि बांग्लादेश सीमा पर मौजूद नदियों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इन्हीं खमियों का फायदा घुसपैठिये उठाते हैं। जानकारी के मुताबिक भारत और बांग्लादेश के बीच 54 नदियां बहती हैं।
आठ साल पहले भारत में घुसे थे बाप-बेटे
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुख्तियार शेख और उसका बेटा 8 साल पहले बांग्लादेश से पद्मा नदी के रास्ते भारत में घुसे थे। उन्होंने अपने परिवार से कहा था कि भारत में पैसा कमाने के बाद बांग्लादेश लौट आएंगे। मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया।पुलिस अधिकारी को एक आरोपी ने बताया कि अप्रैल और मार्च महीने में बांग्लादेश में पद्मा नदी का कुछ हिस्सा सूख जाता है। पानी कम होने की वजह से भारत में दाखिल होना आसान हो जाता है। इसी का उन्होंने फायदा उठाया। भारत आने के बाद उन्होंने मजदूरी करना शुरू किया। इसके बाद वह एक ठेकेदार से मिले। वह बीएमसी को सफाईकर्मी उपलब्ध कराता था। इसके बाद से बाप-बेटे ने बीएमसी में ठेकेदारी से काम करना शुरू कर दिया।
आरोपियों के पास कोई दस्तावेज नहीं मिला
अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों के पास अभी कोई भारतीय दस्तावेज नहीं मिला है। वर्सोवा पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी पीएसआई सचिन उगले ने कहा कि बुधवार देर रात बाप-बेटे इलाके में घूम रहे थे।संदेह के आधार पर उन्हें हिरासत में लिया गया। मगर वह अपनी पहचान नहीं बता सके। पूछताछ में दोनों ने बांग्लादेशी होने की बात कबूल की। दोनों को बिना किसी वैध पासपोर्ट और वीजा के भारत में दाखिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।