लखनऊ : नीट पेपर लीक मामले में बड़ी खबर सामने आ रही है। इस मामले में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक बेदी राम का नाम सामने आया है। वर्तमान में विधायक बने बेदी राम उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के करीबी माने जाते हैं।
इस मामले की इनसाइड खबरों के अनुसार पेपर लीक मामलों में कुख्यात पटना के बिजेन्द्र गुप्ता द्वारा मीडिया से बातचीत में सुभासपा विधायक का नाम लेकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।
इसमें यूपी के गाजीपुर जनपद की जखनियां विधानसभा के विधायक बेदी राम पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उसने बेदी राम को उत्तर प्रदेश में पेपर लीक माफिया बताया है। इस बयान के सामने आने के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
बिजेन्द्र गुप्ता द्वारा लगाए गए इन आरोपों के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल मच गई है।
इस संदर्भ में सोशल मीडिया पर एक विडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विधायक बेदी राम से कुछ युवक पैसे मांग रहे हैं।
वीडियो में बेदी राम यह भी कहते दिख रहे हैं कि ‘वो छोटा काम नहीं करते, वो बड़े-बड़े काम करते हैं.’ वे परीक्षाओं में अंदर से सब सेट करने का दावा भी करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो के समय-स्थान की पुष्टि नहीं हो पाई है।
कांग्रेस द्वारा इस मामले में सोशल साइट एक्स पर मैसेज शेयर करते हुए दावा किया गया है कि विधायक बेदी राम नीट पेपर लीक मामले के सरगना हैं। कांग्रेस के इस दावे से हड़कंप मचा हुआ है।
बता दें कि पेपर लीक के एक मामले में बेदीराम 10 साल पहले जेल भी जा चुके हैं। विधायक बेदी राम को पेपर लीक गैंग का सरगना माना जाता है। बेदी राम पर हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में भर्ती परीक्षा को लेकर पेपर लीक कराने तक का आरोप लगा है। कांग्रेस ने भी इस मामले में बीजेपी की सहयोगी SBSP के विधायक का नाम आने पर जोरदार हमला किया और बेदी राम को बीजेपी का चहेता बताया है।
एक्स पर ट्वीट में कांग्रेस द्वारा दावा किया गया है कि एनडीए विधायक बेदी राम का कहना है कि मैं देश में कोई भी पेपर लीक करवा सकता हूं। आईए जानते हैं कांग्रेस ने बेदी राम के विडियो को शेयर करते हुए ट्विट मे क्या कहा है ; ( ख़बर में एक्स पर ट्विट संलग्न हैं)
“नरेंद्र मोदी की पार्टी का सहयोगी विधायक NEET पेपर लीक का सरगना है। यूपी के इस विधायक का नाम बेदी राम है। इसका धंधा है- देशभर में पेपर लीक करवाना और उससे पैसे बनाना। बेदी राम BJP का चहेता और उनका बेहद करीबी है। NDA विधायक बेदी राम का साफ कहना है कि मैं देश में कोई भी पेपर लीक करवा सकता हूं। बेदी राम पहले भी पेपर लीक के मामले में जेल जा चुका है।”
सवाल है 👇
“बेदी राम पेपर लीक करवाता है, ये सबको पता है। इसके बाद भी इसे NDA में क्यों रखा गया?
यूपी के लोग बताते हैं कि बेदी राम खुले तौर पर नरेंद्र मोदी और CM योगी का नाम लेकर रौब झाड़ता है और कहता है- मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पेपर लीक होगा, इसे कोई नहीं रोक सकता।
आखिर नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी का पेपर लीक सरगना को समर्थन क्यों है? साफ है: पेपर लीक जहां – BJP का कनेक्शन वहां”
बेदी राम सुहेलदेव को जाने
बेदी राम सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के विधायक हैं। वह मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले हैं। खास बात यह है कि उनकी पार्टी अभी उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सहयोगी है। बेदी राम यूपी के गाजीपुर जिले की जखनियां सीट से विधायक चुने गए।
2014 में पेपर लीक मामले में हुई थी जेल
सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद बेदी राम लगातार चर्चा में हैं। वीडियो में वह पेपर लीक कराकर भर्तियां कराने का दावा कर रहे हैं। यही नहीं बेदी राम खुद पेपर लीक के एक मामले में साल 2014 में जेल जा चुके हैं। तब उन पर गैंगस्टर और राष्ट्रीय सुरक्षा एक्ट (NSA) भी लगाया था। पेपर लीक मामले में तब उन्हें एसटीएफ ने गिरफ्तार भी किया था।
वायरल ख़बर के अनुसार विधायक बेदी राम को पेपर लीक गैंग का सरगना माना जाता है। बेदी राम पर हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में भर्ती परीक्षा को लेकर पेपर लीक कराने तक का आरोप लगा है। बेदी राम रेलवे भर्ती परीक्षा के पेपर भी लीक करवा चुका है। साल 2014 में रेलवे लोको पायलट के पेपर लीक के मामले में STF ने उसे लखनऊ से पकड़ा था।
उल्लेखनीय है कि उप्र में बीते छह माह में पुलिस भर्ती समेत कई विभागों में निकाली गई नौकरियों के पेपर लीक होने के चलते भर्ती को रोक लगाते हुए पुन: कराए जाने का सरकार दावा कर रही है। इन भर्तियों के निरस्त होने से युवा वर्ग और अभ्यर्थी काफी निराश है। इसको लेकर लगातार सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं राजनीतिक पार्टियों के द्वारा भी इसे मुद्दा बनाकर उप्र सरकार पर हमला किया जा रहा है। ऐसे में पेपर लीक मामले में पकड़े जा चुके कुख्यात द्वारा सुभासपा विधायक का नाम पेपर लीक मामले में लेकर एक नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है।
कुख्यात पेपर लीक सरगना बिजेंद्र गुप्ता ने मीडिया से क्या कहा जानें
नीट परीक्षा में गड़बड़ी के बाद देश में परीक्षाओं की सुचिता को लेकर सवाल चारो तरफ बवाल मचा हुआ है। इसी बीच पेपर लीक गिरोह के मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता ने एक प्रसिद्ध चैनल को दिए गए इंटरव्यू में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक बेदी राम पर पेपर लीक का आरोप लगाया है। बिजेंद्र गुप्ता ने बताया कि मैं असिस्टेंट हूं, असली पेपर लीक माफिया सुभासपा के विधायक बेदी राम हैं!
आरोपी ने यह बताया कि उस समय पढ़ने लिखने की उम्र थी लेकिन बेदी राम ने नौकरी लगवाने का वादा किया फिर उनके साथ चले गए। उसके बाद पुलिस ने दबोच लिया। जेल जाना पड़ा, बेदी राम भी मेरे साथ जेल गए। बिजेंद्र गुप्ता ने न सिर्फ अपने काले कारनामे कैमरे के सामने कबूले बल्कि सुभासपा के नेता का नाम भी पेपर लीक मामले में जोड़ दिया। उसके बाद बिजेंद्र गुप्ता ने बताया कि बेदी राम के साथ ही पेपर लीक की दुनिया में कदम रखा। उसके बाद पेपर लीक का मास्टरमाइंड बन गया।
बता दें कि बिजेंद्र गुप्ता उड़ीसा में पेपर लीक का भी आरोपी है। उसका नाम बिहार के BPSC पेपर लीक जांच में उसका नाम सामने आया था। MPPSC सहित कई परीक्षाओं के लीक मामले में आरोपी रहा है। नीट पेपर में गड़बड़ी के आरोपियों से भी बिजेंद्र गुप्ता की अच्छी पहचान है। आरोपी ने बताया कि पेपर लीक की दुनिया में बेदी राम के साथ ही शुरुआत की है। जोकि सुभासपा से विधायक हैं। हालांकि अभी तक विधायक की तरफ से किसी प्रकार की सफाई नहीं आई है।
कांग्रेस द्वारा एक्स पर लगाए आरोप पर सुहेलदेव समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर या एनडीए की और से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
उल्लेखनीय हैं कि नीट परीक्षा से 24 लाख बच्चों का भविष्य जुड़ा हुआ है। नीट परीक्षा में लगातार गड़बड़ी के बाद देश में परीक्षाओं की शुचिता को लेकर देश भर के प्रतिभावान विद्यार्थियों और उनके परिवार हैरान परेशान तथा दुःखी है।