मां के पास सो रहे चार माह के मासूम को उठा ले गया भेड़िया , तलाश में जुटे ग्रामीण

संवाददाता फरियाद अली
बहराइच … जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र में स्थित गोड़हिया नंबर 3 के मजरे मल्लाहनपुरवा में शनिवार देर रात घर में घुसकर भेड़िया मां के आंचल में सो रहे चार माह के बच्चे को उठा ले गया। घटना रात करीब 12:30 बजे की है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
ग्रामीण संतोष का चार माह का बेटा सुभाष अपनी मां किरण के साथ लेटा हुआ था । तभी अचानक घर में घुसा भेड़िया उसे उठा ले गया । चीख सुनकर मां की आंख खुली बच्चे को न देख उसने शोर मचाया जिसके बाद ग्रामीण उसकी तलाश में निकले लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका है ।
संतोष और किरण की शादी को दो साल हुए थे, और सुभाष उनका इकलौता बच्चा था। मां किरण का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और ग्रामीण बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं।
ग्रमीणों का कहना है कि इलाके में भेड़ियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। वे इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर यह आतंक कब खत्म होगा और कितने बच्चों को अपनी जान गंवानी पड़ेगी। स्थानीय प्रशासन से इस समस्या पर तत्काल ध्यान देने की मांग की जा रही है।
