बहराइच में दर्दनाक सड़क हादसा: रोडवेज बस की टक्कर से दो छात्रों की मौत, एक गंभीर घायल

संवाददाता फरियाद अली
उ प्र बहराइच। जनपद में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा थाना रामगांव क्षेत्र के झिंगहा घाट के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने छात्रों की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों छात्र बाइक से परीक्षा देने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो छात्रों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे छात्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना रामगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में इस हादसे के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार चालक को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
मृतक छात्रों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ओर जहां परिवार परीक्षा की सफलता की उम्मीद लगाए बैठा था, वहीं इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को मातम में डुबो दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
