हत्याकांड आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

संवाददाता फरियाद अली
बहराइच। थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिये हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा के नेतृत्व में दरगाह शरीफ पुलिस ने सुरागरसी, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से कार्रवाई को अंजाम दिया।
ग्राम विशुनपुर राहू की रहने वाली लक्ष्मी ने तहरीर देकर बताया कि उनके पति बडकऊ 10 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे बटाई पर लिये गए मक्के के खेत को देखने निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। तलाश के दौरान 11 फरवरी को उनका शव खेत में कुछ दूरी पर पड़ा मिला। वादिनी ने गांव के ही जसवन्त उर्फ लौडाऊ और उसकी पत्नी नीलम पर रंजिशन हत्या का शक जताया।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल टीमें गठित कर दीं।
पुलिस टीम ने 12 फरवरी को शाम 4:15 बजे गांव के पास स्थित साइफन के निकट घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक की नीयत को लेकर विवाद था। इसी के चलते योजनाबद्ध तरीके से उसे खेत में बुलाया गया और ईंट व धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई।
बरामद विवरण
एक हसिया
घटना में प्रयुक्त ईंट
वारदात के समय पहने गए कपड़े
बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को न्यायालय भेज दिया।
प्रकरण के शीघ्र अनावरण से स्थानीय लोगों में पुलिस कार्रवाई को लेकर भरोसा बढ़ा है। आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।
