कैसरगंज में युवक पर हमला, पीड़ित ने गंभीर धाराओं की मांग उठाई

संवाददाता फरियाद अली
कैसरगंज (बहराइच)। हुजूरपुर थाना क्षेत्र के पुरैनी चौराहे पर 5 फरवरी को एक युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित का आरोप है कि सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध करने पर उस पर कई लोगों ने हमला कर दिया।
घटना के संबंध में सइद अहमद पुत्र गुलाम मोहम्मद ने उसी दिन थाने में लिखित तहरीर दी थी। उनका कहना है कि ब्यूटी पार्लर के पास बैठे कुछ व्यक्तियों ने विवाद के बाद उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से पिटाई की, जिससे गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि रिपोर्ट तो दर्ज की गई, लेकिन अपेक्षाकृत हल्की धाराओं में। साथ ही, हमले के बाद से उन्हें विभिन्न मुकदमों में फंसाने की धमकियां भी मिल रही हैं। पीड़ित ने दावा किया है कि धमकी से जुड़े संदेश उनके पास सुरक्षित हैं।
इस मामले में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक बहराइच को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और धाराओं को बढ़ाने की मांग की है।
