

मुंबई – कुर्ला
यूनिटी क्रिकेट एकेडमी के ज़ेर-ए-एहतिमाम आयोजित क़ुरैश नगर क्रिकेट लीग (QNCL) सीज़न 5 का भव्य फाइनल मुकाबला कुर्ला के कुरेश नगर में जोश, रोमांच और खेल भावना के साथ शानदार तरीके से संपन्न हुआ। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली हम्माद एलेवन ने फाइनल में शानदार खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम कर लिया और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच में खिलाड़ियों का जोश, अनुशासन और जीत का जज़्बा क़ाबिल-ए-तारीफ़ रहा। मैदान में हर चौके-छक्के पर गूंजती तालियां और हर विकेट पर बढ़ता उत्साह इस बात का सबूत था कि यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि खेल और भाईचारे का उत्सव था। QNCL सीज़न 5 ने एक बार फिर साबित किया कि कुरेश नगर की धरती खेल प्रतिभाओं से भरपूर है।
इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एनसीपी महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष एवं हज कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हाजी ईब्राहीम शेख (भाईजान) की विशेष उपस्थिति रही। उनके साथ मंच पर पूर्व नगरसेवक कप्तान मलीक साहब, शाहीद सय्यद, तौफीक शेख, एडिटर जफर सिद्दीकी, हाजी रफीक शेख, इमरान शेख, जावेद भाई, केतन भाई और यशवंत भाई सहित कई गणमान्य व्यक्तित्व मौजूद थे।
फाइनल मुकाबले के उपरांत विजेता टीम हम्माद एलेवन को हाजी ईब्राहीम शेख भाईजान और कप्तान मलीक साहब के करकमलों द्वारा ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीमवर्क और संघर्ष की सीख देता है तथा उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है।
इस दौरान मंचासीन सभी मेहमानों का शॉल, बुके और सम्मान चिन्ह देकर सत्कार किया गया। आयोजन समिति द्वारा दिए गए सम्मान पर आभार व्यक्त करते हुए हाजी ईब्राहीम शेख भाईजान ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं। उन्होंने यूनिटी क्रिकेट एकेडमी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के टूर्नामेंट युवा प्रतिभाओं को मंच देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
पूरे कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। QNCL सीज़न 5 का यह फाइनल मुकाबला न केवल खेल की दृष्टि से यादगार रहा, बल्कि कुरेश नगर में सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता की एक प्रेरणादायी मिसाल भी बन गया।
