वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पिज्जा डिलीवरी बॉय के बार-बार समझाने के बावजूद कि उसे मराठी नहीं आती, मुंबई का कपल जोर देकर उससे कहता है- मराठी में बोल, वरना पैसे नहीं मिलेंगे. इस वीडियो ने क्षेत्रीय भाषा थोपे जाने की बहस को फिर से हवा दे दी है.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिससे नेटिजन्स में आक्रोश फैल गया है. इसमें मुंबई में एक कपल कथित तौर पर पिज्जा डिलीवर करने आए एजेंट को मराठी न बोलने को लेकर परेशान करते हुए दिखाई दे रहा है. घटना सोमवार को शहर के एक उपनगर में हुई, और इसने क्षेत्रीय भाषा थोपे जाने की बहस को इंटरनेट पर फिर से हवा दे दी है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित लेवरे नाम का डिलीवरी बॉय पिज्जा डिलीवर करने पहुंचा था, तभी कपल ने उस पर मराठी में बात करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि लेवरे के बार-बार समझाने के बावजूद कि उसे मराठी नहीं आती, कपल जोर देकर कहता है- मराठी में बोल, वरना पैसे नहीं मिलेंगे. वीडियो में डिलीवरी बॉय को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘आता नहीं है मैम तो क्या जबरदस्ती मराठी बोलने का?’ इस पर महिला कहती है, ‘यहां पे ऐसा ही है.’ फिर लेवरे कहता है, कौन बोला ऐसा ही है? आखिर में वह निराश होकर कहता है, नहीं देना है ना पैसा, ठीक है. अगर ऐसा ही था तो आपको ऑर्डर नहीं करना चाहिए था. हालांकि, विवाद तब और बढ़ गया जब कपल ने दावा किया कि खाना खराब हो गया था, इसलिए पैसे नहीं मिलेंगे. एक जगह महिला यह कहती हुई भी नजर आती है कि डिलीवरी एजेंट उन्हें फिल्मा नहीं सकता, रिकॉर्ड करने का अधिकार केवल उसका है.यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर जंगल में लगी आग की तरह फैल गया, जिससे क्षेत्रीय भाषाओं को थोपे जाने पर लोगों ने खूब नाराजगी जताई
