यू.पी. बहराइच 05 नवम्बर। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद के समस्त अन्त्योदय अन्न योजना तथा पात्र गृहस्थी योजना के कार्डधारकों को माह नवम्बर 2026 में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजनान्तर्गत नियमित वितरण का कार्य 06 से 30 नवम्बर 2026 तक किया जायेगा। वितरण अवधि मे प्रत्येक अन्त्योदय अन्न योजना के कार्डधारकों को प्रति राशन कार्ड 35 कि.ग्रा. खाद्यान्न (21 कि.ग्रा. चावल 14 कि.ग्रा. गेहूॅ) तथा पात्र गृहस्थी योजना कार्डधारकों को प्रति यूनिट 05 कि.ग्रा. खाद्यान्न (03 कि.ग्रा. चावल तथा 02 कि.ग्रा. गेहूॅ) का वितरण निःशुल्क किया जायेगा। डीएसओ ने बताया कि वितरण की अन्तिम तिथि 30 नवम्बर 2026 को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से आवश्यक वस्तुएं प्राप्त न कर सकने वाले उपभोक्ताओं को मोबाइल ओ.टी.पी. वेरीफिकेशन के माध्यम से खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण किया जायेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने समस्त उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समयावधि में संबंधित नोडल एवं पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की उपस्थिति में निर्धारित चौहद्दी पर ई-पॉस मशीन के माध्यम से अंगूठा लगवाकर तथा ई-वेटिंग स्केल मशीन से खाद्यान्न तौलकर लाभार्थियों को तत्काल निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की घटतौली, अनियमितता अथवा खाद्यान्न की कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर संबंधित उचित दर विक्रेता के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर अपनी उचित दर दुकान पर पहुंचकर सरकार की इस निःशुल्क खाद्यान्न वितरण योजना का लाभ उठाएं।

Loading comments...