ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
उत्तर प्रदेश बहराइच में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहराइच पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 3 पुलिस मुठभेड़ों में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, खैरीघाट, बौंडी और नानपारा थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में 3 आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को आवश्यक निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 19 अक्टूबर की रात क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और खैरीघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने नानपारा-खैरीघाट मार्ग पर वैवाही रोड के पास संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान एक आरोपी ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर सम्भारी पुत्र भोखन निवासी अरनवा टिकुरी, थाना खैरीघाट, के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से महेश चौहान, मोहित लाल और अनिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरी गाड़ी में सवार 2 आरोपी फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, सम्भारी के खिलाफ 3 दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। मौके से आर्टिगा कार, तमंचा, कारतूस, नकदी और जेवरात बरामद किए गए।
दूसरी कार्रवाई में बौंडी पुलिस ने खैरा बाजार से हाथीचक होते हुए भिरवा जाने वाली सड़क पर बिलासपुर मोड़ के पास संदिग्ध बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान एक आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली से जाबिर उर्फ जाकिर पुत्र सुल्तान निवासी तुर्क बलिया, थाना ईसानगर, जनपद लखीमपुर खीरी, घायल हो गया। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹6,500 नकद, चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, टॉप्स, अंगूठियां, एक देसी तमंचा, 315 बोर के कारतूस और लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, जाबिर के खिलाफ विभिन्न जनपदों में 4 दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका साथी नसीम उर्फ ठेकेदार सेंट्रो कार से फरार हो गया था।
इसके बाद नानपारा पुलिस ने बंजरिया नहर पुल के पास संदिग्ध सेंट्रो कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, कार सवार नसीम उर्फ ठेकेदार पुत्र निसार निवासी चंदौसा कला, थाना ईसानगर, जनपद लखीमपुर खीरी, ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस, सेंट्रो कार, नकदी और पीली व सफेद धातु के जेवरात बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, नसीम के खिलाफ 2 दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर है।
तीनों घटनाओं में घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें तलाश और कांबिंग अभियान चला रही हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर बहराइच और अन्य जनपदों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।



Loading comments...