मुंबई (अंधेरी पश्चिम):अंधेरी पश्चिम स्थित चार बंगला म्हाडा (SVP नगर) के घने रहिवासी क्षेत्र में विगत कई वर्षों से अवैध लॉज और गेस्ट हाउस की बाढ़ सी आ गई है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर बनाए गए इन लॉज और गेस्ट हाउस में देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है और स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन अनधिकृत गेस्ट हाउसों में खुलेआम अवैध गतिविधियां चलाई जा रही हैं। यह पूरी तरह से एक रहिवासी (आवासीय) इलाका है, इसके बावजूद यहाँ रात भर संदिग्ध और असामाजिक तत्वों का आना-जाना लगा रहता है। इससे आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और बच्चों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
आरोग्य विभाग का चौंकाने वाला खुलासा, फिर भी कार्रवाई शून्य
इस गंभीर समस्या को लेकर समाजसेवक ने बीएमसी के के/पश्चिम (K/West) विभाग को लिखित शिकायत देकर इन सभी अवैध लॉज और गेस्ट हाउसों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हैरानी की बात यह है कि बीएमसी के सार्वजनिक आरोग्य (स्वास्थ्य) विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि इस क्षेत्र के किसी भी लॉज को 'आरोग्य परवाना' (हेल्थ लाइसेंस) जारी नहीं किया गया है।
इसके बावजूद, के/पश्चिम विभाग की ओर से आज तक इन अवैध निर्माणों और व्यवसायों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन की इस ढिलाई से स्थानीय निवासियों में भारी रोष है और लोग पूछ रहे हैं कि बिना लाइसेंस चल रहे इन ठिकानों को आखिर किसका संरक्षण प्राप्त है?
"SVP नगर, चार बंगला म्हाडा एक शांत रहिवासी इलाका है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यहाँ अवैध लॉज और गेस्ट हाउस का जाल बिछ गया है। खुद बीएमसी के आरोग्य विभाग ने माना है कि इनमें से किसी के पास भी हेल्थ लाइसेंस नहीं है। मैंने के/पश्चिम विभाग को इस बारे में कई बार सूचित किया, लेकिन प्रशासन कुंभकर्णी नींद सो रहा है। रात भर असामाजिक तत्वों की आवाजाही से परिवारों का यहाँ रहना दूभर हो गया है। अगर प्रशासन ने जल्द ही इन अवैध लॉज पर बुलडोजर चलाकर इन्हें सील नहीं किया, तो हम स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर के/पश्चिम कार्यालय के बाहर तीव्र आंदोलन करेंगे।"

Loading comments...