पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को जेल भेजने की धमकी, वसूली का आरोप, चार गिरफ्तार, 7 किलो 795 ग्राम गांजा व अवैध असलहे बरामद
ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
उ.प्र. बहराइच। थाना हरदी पुलिस ने पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को जेल भेजने का डर दिखाकर कथित रूप से धन उगाही करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7 किलो 795 ग्राम अवैध गांजा, एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, पुलिस की वर्दी, फर्जी नंबर प्लेट, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य पुलिस संबंधी सामान बरामद होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को थाना हरदी पुलिस को सूचना मिली कि सफेद रंग की रेनॉल्ट ट्राइबर कार संख्या UP32 BG6267 में कुछ लोग सवार हैं। वाहन पर लाल-नीली बत्ती लगी थी और सरकारी नंबर प्लेट लगी हुई थी। वाहन में सवार एक व्यक्ति पुलिस उपनिरीक्षक की वर्दी पहने हुए था, जबकि उसके साथ अन्य लोग मौजूद थे।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिंगिया नसीरपुर गांव के पास सिकंदरपुर जाने वाले बंधे पर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। पुलिस के मुताबिक, वाहन सवार लोग पुलिस विभाग से संबंधित पहचान पत्र और वाहन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच के दौरान वाहन में फर्जी नंबर प्लेट भी मिली।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को पुलिस का भय दिखाकर धन उगाही करते थे। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर मुकदमे में फंसाने, एनकाउंटर करने और जेल भेजने की धमकी दी जाती थी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन और आरोपियों के कब्जे से कुल 7 किलो 795 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, इसमें एक आरोपी के पास से 3 किलो 280 ग्राम तथा दूसरे के पास से 2 किलो 170 ग्राम गांजा और अन्य मात्रा बरामद हुई। इसके अलावा एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, 8,270 रुपये नकद, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, पुलिस की वर्दी, पी-कैप, पुलिस बैज, प्लास, रिंच तथा दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समर बहादुर सिंह पुत्र राजकरन सिंह, निवासी पीपरी, सुल्तानपुर, हाल पता लखनऊ; श्रीप्रकाश द्विवेदी उर्फ प्रकाश दूबे, निवासी जाल्हेपुर, थाना गोल्हौरा, सिद्धार्थनगर; मूले अवस्थी उर्फ अवधेश अवस्थी, निवासी महसी, थाना हरदी; और वीरेन्द्र उर्फ छोटू पुत्र बेचैन, निवासी टेपरामहसी, थाना हरदी, बहराइच के रूप में बताई गई है।
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 340/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं, NDPS Act की धारा 8/20, आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 तथा एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार के पर्यवेक्षण तथा थाना हरदी प्रभारी आलोक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Loading comments...