बहराइच में घर से मासूम को दबोच ले गया भेड़िया, कई ग्रामीण घायल
FAC News Desk
|
|
— views
बहराइच में घर से मासूम को दबोच ले गया भेड़िया, कई ग्रामीण घायल
उ प्र बहराइच : जिले में भेड़िए का आतंक बढ़ता जा रहा है। मंगलवार दोपहर बाबा बंगला गांव में चार वर्षीय मासूम को घर के अंदर से दबोचकर भेड़िया ले भागा। बच्चे की चीख और परिजनों का शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े तो भेड़िया धान के खेत में बच्चे को छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज में भर्ती कराया गया है।
गांव निवासी प्रिंस (4) पुत्र शोभाराम घर के दरवाजे पर खेल रहा था, तभी अचानक आए भेड़िए ने झपट्टा मारकर उसे दबोच लिया और खेत की ओर भाग निकला। शोर सुनकर ग्रामीणों ने पीछा किया तो भेड़िए ने बच्चे को छोड़ दिया। घायल बच्चे का इलाज जारी है।
इसी दौरान भेड़िए ने खेतों में काम कर रहे या घर लौट रहे कई ग्रामीणों पर भी हमला कर दिया। इनमें मंझारा तौकली के भिरगूपुरवा निवासी सूरज लाल (70), राजा राम (65), देवनाथ पुरवा निवासी सुशीला (55), गंगाराम (60), रामलाल गौतम (65) और गंधु झाला निवासी पृथ्वीराज राजपाल (55) शामिल हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में भेड़िए के हमले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गांवों में दहशत का माहौल है। लोग शाम ढलते ही घरों से निकलने से कतराने लगे हैं। ग्रामीण प्रशासन और वन विभाग से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द भेड़िए को पकड़ा जाए, ताकि लोगों की जान-माल सुरक्षित रह सके।
How did you feel about this news?

Loading comments...