'वड़नगर-वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा'
ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
उ.प्र बहराइच: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के बेमिसाल विकास कार्यों और 'विकसित भारत 2047' के राष्ट्रीय संकल्प को लेकर गुजरात के वड़नगर से चली ‘वड़नगर–वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा’ रविवार को बहराइच की पावन और ऐतिहासिक धरती पर पहुँची। चित्तौरा ब्लॉक स्थित महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल पर यात्रा के पहुंचते ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों और भव्य स्वागत से गूंज उठा।
श्री सुहेलदेव स्मारक समिति के अध्यक्ष एवं पयागपुर रियासत के राजा श्री यशवेंद्र विक्रम सिंह ने यात्रा में शामिल यात्रियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरान यात्रियों ने महाराजा सुहेलदेव के अदम्य शौर्य, पराक्रम और देश की रक्षा के उनके ऐतिहासिक योगदान से जुड़े प्रसंगों को बेहद करीब से जाना।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश: 'एक पेड़ मां के नाम'
कार्यक्रम के दौरान सिर्फ राष्ट्र निर्माण ही नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भी संदेश दिया गया। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत स्मारक परिसर में विशेष पौधारोपण किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और यात्रियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस भव्य आयोजन में सांसद बहराइच श्री आनंद गौड़, विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल, विधान परिषद सदस्य श्री पदमसेन चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री बृजेश पांडेय समेत तमाम गणमान्य लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ऐतिहासिक विरासत के दर्शन और भव्य स्वागत के बाद यह सेवा संकल्प यात्रा अपने अगले पड़ाव वाराणसी की ओर रवाना हो गई। यह यात्रा बहराइच की संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की परंपरा को एक बार फिर जन-जन के मन में जीवंत कर गई है।

Loading comments...