BREAKING
FAC News
Back

भुसावल उपविभाग में 'ऑपरेशन ऑल आउट': तलवार जब्त, पांच तड़ीपार आरोपियों पर कार्रवाई

Tabish | | — views
भुसावल उपविभाग में 'ऑपरेशन ऑल आउट': तलवार जब्त, पांच तड़ीपार आरोपियों पर कार्रवाई

लियाकत शाह जलगांव.


भुसावल उपविभाग में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध धंधों, आपराधिक प्रवृत्तियों व यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ पुलिस ने 'ऑपरेशन ऑल आउट' नाम से विशेष अभियान चलाया. सोमवार, 16 नवंबर को बाजारपेठ, शहर, नशिराबाद और तालुका पुलिस थानों की सीमा में संयुक्त कार्रवाई की गई। अभियान में अवैध शराब बिक्री, जुआ, शस्त्र अधिनियम, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, यातायात नियम उल्लंघन और सराईत अपराधियों की जांच पर विशेष जोर दिया गया.

अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई

शराबबंदी कानून के तहत गांवठी हाथभट्टी शराब के छह मामले दर्ज किए गए. इस कार्रवाई में 158 लीटर गांवठी शराब और 80 लीटर कच्चा रसायन जब्त किया गया. इसके अलावा देसी-विदेशी शराब की अवैध बिक्री के दो मामले भी दर्ज हुए. कुल आठ आरोपियों पर कार्रवाई कर 24,800 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया.

जुआ अड्डों पर छापे

जुआ कानून के तहत छह मामले दर्ज कर आठ आरोपियों पर कार्रवाई की गई. नकदी और जुए का सामान मिलाकर 5,190 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया.

शस्त्र अधिनियम सहित प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज कर एक आरोपी पर कार्रवाई की गई और 500 रुपये मूल्य की तलवार जब्त की गई. महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 142 के तहत पांच मामले दर्ज कर पांच तड़ीपार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई. साथ ही धारा 122 के तहत तीन प्रतिबंधात्मक मामले दर्ज किए गए। न्यायालयीन प्रक्रिया से जुड़ी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 13 गैर-जमानती व जमानती वारंट तामील किए और 10 समन की तामील की.

यातायात नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना

मोटर वाहन अधिनियम और यातायात शाखा की कार्रवाई में ड्रंक एंड ड्राइव के तीन मामलों पर कार्रवाई हुई. बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 11 लोगों, अनधिकृत पार्किंग के 13 मामलों और मोटर वाहन अधिनियम के तहत अन्य 59 मामलों में कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 83,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.

सराईत अपराधियों की जांच; पांच मोबाइल बरामद

प्रतिबंधात्मक और अन्य जांच अभियान में 73 सराईत अपराधियों की जांच की गई। रिकॉर्ड पर मौजूद 37 आरोपियों को हिरासत में लिया गया. शांति भंग करने वाले 15 शराबी व्यक्तियों पर कार्रवाई हुई. इसके अलावा 22 होटल-लॉज और 19 कबाड़ दुकानों की जांच की गई. कोटपा कानून के तहत पान टपरियों पर 23 मामले दर्ज कर 3,060 रुपये का जुर्माना वसूला गया. साथ ही सीईआईआर पोर्टल की मदद से पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 60 हजार रुपये है.

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

भुसावल उपविभाग में चलाए गए इस विशेष अभियान से अवैध धंधों पर नियंत्रण, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर अंकुश और यातायात अनुशासन बनाए रखने में मदद मिली है. भुसावल उपविभाग के पुलिस उपअधीक्षक केदार बारबोले ने बताया कि असामाजिक तत्वों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

फोटो कैप्शन : भुसावल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध धंधों, आपराधिक प्रवृत्तियों व यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ पुलिस ने 'ऑपरेशन ऑल आउट' में उपस्थित पुलिस उपअधीक्षक केदार बारबोले और अन्य.

भुसावल उपविभाग में 'ऑपरेशन ऑल आउट': तलवार जब्त, पांच तड़ीपार आरोपियों पर कार्रवाई

How did you feel about this news?

Related News

Comments

Loading comments...

Related News