गोंडा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन, युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर मुख्यमंत्री ने दिया जोर
ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
यू.पी. गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जनपद गोंडा में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान देवीपाटन मंडल के बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती और बलरामपुर जनपदों के कुल 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में मंडल के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। डिजिटल शिक्षा वर्तमान समय की आवश्यकता है। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया और सेल्फी भी ली। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने टैबलेट को चार्ज रखने के साथ-साथ अपने सपनों को भी हमेशा चार्ज रखें। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि Microsoft, IBM, Infosys, HCL और हिंदुजा जैसी बड़ी कंपनियों के उत्तर प्रदेश में आने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े और उन्हें अपने ही प्रदेश में रोजगार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और तकनीकी दक्षता उत्तर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
देवीपाटन मंडल के 46,800 विद्यार्थियों को मिली यह डिजिटल सौगात उनके शैक्षिक भविष्य को नई दिशा देने की पहल है। कार्यक्रम में सशक्त युवा, समृद्ध उत्तर प्रदेश और विकसित भारत का संदेश दिया गया।



Loading comments...