नई दिल्ली: दिल्ली के बवाना इलाके में एक प्रतिष्ठित स्कूल की तीन वर्षीय छात्रा के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप स्कूल के 31 वर्षीय बस ड्राइवर विकास पर है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गुप्तांग पर चोट के बाद सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने माता-पिता के साथ बवाना इलाके में रहती है और इसी वर्ष एक स्थानीय स्कूल में उसका दाखिला हुआ था। 19 अगस्त की रात बच्ची के कपड़े बदलते समय उसकी मां ने उसके गुप्तांग पर चोट के निशान देखे। पूछताछ करने पर बच्ची ने कथित तौर पर बताया कि स्कूल में एक ‘अंकल’ ने उसके साथ गलत हरकत की और वह उसे अक्सर चॉकलेट देता था।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से की शिकायत
बच्ची की बात सुनने के बाद माता-पिता ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की। 24 अगस्त को स्कूल प्रशासन ने बच्ची और उसके माता-पिता को बुलाया। बच्ची ने तस्वीर और सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद कथित आरोपी की पहचान की।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी
जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कथित तौर पर जेब में चॉकलेट लेकर बच्ची के आसपास घूमता दिखाई दिया। आरोप है कि उसने बच्ची का पीछा कर उसे चॉकलेट दी और फिर स्कूल परिसर में सीढ़ियों के नीचे उसके साथ यौन शोषण किया।
स्कूल परिसर से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी बस ड्राइवर विकास को स्कूल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब आठ महीने से स्कूल बस चालक के रूप में काम कर रहा था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Loading comments...