डोंबिवली: डोंबिवली के पलावा-खोणी इलाके में चोरों द्वारा एक वाइन शॉप में सेंध लगाकर हजारों रुपये की शराब चुराने का मामला सामने आया है। शुक्रवार तड़के करीब 6 बजे चोरों ने धारदार कटर की मदद से दुकान का लोहे का शटर तोड़ा और अंदर घुस गए। इसके बाद चोर दुकान में रखे शराब के डिब्बे लेकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, खोणी-पलावा इलाके में दीपक चावला की लाइसेंस प्राप्त 'पायना वाइन शॉप' है, जहां उल्हासनगर निवासी कृष्णा भाटिया मैनेजर के तौर पर काम करते हैं। शुक्रवार सुबह चोरों ने दुकान का मुख्य शटर तोड़कर करीब 60 हजार रुपये कीमत की शराब पर हाथ साफ कर दिया। चोरी हुए माल में विभिन्न ब्रांड्स की कुल 1,824 बोतलें शामिल हैं।
इस घटना के संबंध में दुकान के मैनेजर कृष्णा भाटिया ने मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। तड़के हुई इस चोरी की वारदात के बाद एक बार फिर इलाके के व्यापारियों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।

Loading comments...