मुंबई: ड्राई वेस्ट सेंटर से जुड़े मामले में मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठेकेदार ‘आकार मुंबई’ के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामले के सामने आने के बाद BMC ने शहरभर के ड्राई वेस्ट सेंटरों और सूखा कचरा प्रबंधन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के निर्देश दिए हैं।
BMC के उपायुक्त, ठोस कचरा व्यवस्थापन विभाग, किरण दिघावकर के अनुसार, सभी ड्राई वेस्ट सेंटर संचालकों, परिवहन ठेकेदारों और संबंधित वार्ड कार्यालयों को आवश्यक सत्यापन के निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
जांच के दौरान कचरा ले जाने वाले वाहनों की आवाजाही, GPS/VTMS डेटा, इनवर्ड-आउटवर्ड रिकॉर्ड, रिसाइक्लर की रसीदें तथा एकत्रित सूखे कचरे का पूरा ‘मास बैलेंस’ यानी कचरा कहां से आया और आगे कहां भेजा गया, इसका मिलान किया जाएगा।
इसके अलावा BMC द्वारा विभिन्न ड्राई वेस्ट सेंटरों पर अचानक निरीक्षण (Surprise Inspection) और अनुपालन ऑडिट (Compliance Audit) भी किए जाएंगे। इसका उद्देश्य कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता या पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन की जांच करना है।
उपायुक्त किरण दिघावकर ने कहा कि नागरिकों द्वारा मामले को BMC के संज्ञान में लाने की सराहना की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महानगरपालिका के काम से जुड़ी किसी भी एजेंसी द्वारा पर्यावरण संबंधी नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
FIR दर्ज होने के बाद अब निगाह इस बात पर है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और संबंधित रिकॉर्ड के सत्यापन के बाद BMC की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

Loading comments...