भायंदर: मीरा-भायंदर के काशीमीरा स्थित जनता नगर इलाके में गुरुवार शाम घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में सात वर्षीय एक बच्ची सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घर में फंसे तीन अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार (19 नवंबर) शाम करीब साढ़े छह बजे की है, जब घर में रखे गैस सिलेंडर पर अचानक चिंगारी गिरने से आग भड़क उठी। इस हादसे में मंत्रा चौहान (35), मोहिनी चौहान (7), पाल चौहान (36) और चंदन जयसवाल (46) झुलस गए हैं। बताया जा रहा है कि मासूम मोहिनी करीब 40 से 45 प्रतिशत, मंत्रा 15 से 20 प्रतिशत, जबकि पाल और चंदन 10 से 15 प्रतिशत तक झुलसे हैं।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम महज पांच मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद अन्य तीन लोगों की जान बचाई। सभी घायलों को शुरुआत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई के केईएम (KEM) अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों को ले जाने के लिए तीन एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है और सभी का उपचार जारी है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Loading comments...