मुंबई: गणेशोत्सव को लेकर मुंबई पूरी तरह तैयार हो रही है। लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए बेस्ट उपक्रम ने भी विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। गणेश मंडलों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के साथ-साथ विसर्जन मार्गों और प्रमुख विसर्जन स्थलों पर अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है।
BEST की ओर से वर्ष 1972 से गणेशभक्तों की सुविधा के लिए विसर्जन स्थलों पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की जाती है। इस वर्ष शहर में 2,925 अतिरिक्त लाइटें लगाने का प्रस्ताव है।
मुंबई के 19 प्रमुख विसर्जन स्थलों और 40 प्रस्तावित कृत्रिम तालाबों पर सुरक्षा के मद्देनजर अधिक रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा 13 स्थायी विशेष टावरों पर तेज रोशनी और 19 सर्चलाइट्स लगाए गए हैं।
गणेशोत्सव के दौरान BEST के विद्युत और परिवहन विभाग के करीब 400 अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे।
रात में 26 अतिरिक्त बसें चलेंगी
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए 14 से 24 सितंबर तक रात 10:30 बजे से सुबह 6 बजे तक 26 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। परेल, लालबाग, गिरगांव और खेतवाड़ी जैसे अधिक भीड़ वाले इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
भीड़भाड़ वाले बस स्टॉप पर बस निरीक्षकों और यातायात अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। BEST का उद्देश्य गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
सीएसएमटी, दादर, गिरगांव, लालबाग, शिवड़ी, सांताक्रूज और वरली समेत कई महत्वपूर्ण मार्गों पर अतिरिक्त बस सेवा से गणेशभक्तों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Loading comments...