मुंबई: जोगेश्वरी पश्चिम के ओशिवारा इलाके में एक ऑटो रिक्शा के भीतर लगभग 50 से 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। यह दुखद घटना 12 नवंबर 2026 को सामने आई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिसे लेकर पुलिस और स्थानीय सामाजिक संस्था ने आम नागरिकों से मदद की अपील की है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सामाजिक संस्था 'लोक विकास सेवा संघ' ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (100) और 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचित किया। सूचना पाते ही ओशिवारा पुलिस और मेडिकल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सकीय कार्रवाई पूरी की। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान हवलदार मालवणकर और पुलिस सिपाही शिंदे ने बेहद संवेदनशीलता और तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई, जिसकी स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
परिवार की तलाश के लिए जनहित में अपील
ओशिवारा पुलिस और लोक विकास सेवा संघ ने आनंद नगर, ओशिवारा और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष अपील की है। यदि आपके परिवार या परिचितों में 50 से 55 वर्ष की आयु का कोई ऐसा व्यक्ति है, जो अक्सर ऑटो रिक्शा में सोया करता था और पिछले कुछ दिनों से लापता है या उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो कृपया तुरंत ओशिवारा पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। आपकी एक छोटी-सी जानकारी किसी परिवार को उनके परिजन की पहचान करने में बड़ी मदद कर सकती है।

Loading comments...