मुंबई: समता नगर पुलिस स्टेशन की सीमा में लगातार आपराधिक घटनाओं और नशीले पदार्थों की तस्करी कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात अपराधी इम्तियाज हुसैन सैय्यद उर्फ टीपू और उसके साथियों के खिलाफ मुंबई पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की धाराएं लागू कर दी हैं।
12 सितंबर 2026 को रात करीब 3:00 बजे कांदिवली (पूर्व) के हनुमान नगर स्थित महाराष्ट्र बिरयानी सेंटर और अनमोल डेयरी के पास पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान मुख्य आरोपी इम्तियाज उर्फ टीपू और उसके साथियों ने शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों को जान से मारने की नीयत से धारदार चाकू दिखाया और पत्थर व लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस संबंध में समता नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास और कार्यप्रणाली
• पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का सरगना इम्तियाज उर्फ टीपू एक आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से ही समता नगर और कुरार पुलिस स्टेशन में हत्या के प्रयास, गंभीर मारपीट, महिलाओं के खिलाफ अपराध, घातक हथियारों के इस्तेमाल और ड्रग्स बेचने जैसे 17 गंभीर मामले दर्ज हैं।
• यह गिरोह इलाके में अपना वर्चस्व और खौफ बनाए रखने के लिए मारपीट करता था और अवैध रूप से नशीले पदार्थों (ड्रग्स) की बिक्री कर मोटी रकम कमाता था। इनके डर से आम नागरिक शिकायत करने से भी घबराते थे।
• गिरोह के अन्य सदस्यों पर भी कई मामले दर्ज हैं, जिनमें राज उर्फ कालू (7 मामले), जितेश राजपूत (2 मामले), केतन गमरे (2 मामले) और राधा राजपूत (2 मामले) शामिल हैं। इस अपराध में एक नाबालिग (विधि संघर्षग्रस्त बालक) की संलिप्तता भी पाई गई है, जिस पर पहले से 2 मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो हनुमान नगर, कांदिवली (पूर्व) के रहने वाले हैं:
1. राज रवि शर्मा उर्फ कालू (उम्र 27 वर्ष)
2. जितेश गंगाप्रसाद राजपूत (उम्र 49 वर्ष)
3. राधा गंगाप्रसाद राजपूत (उम्र 41 वर्ष)
आरोपियों की लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने दर्ज मामले में मकोका (MCOCA 1999) की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) को जोड़ा है। इस मामले की आगे की जांच समता नगर विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) कैलास बर्वे कर रहे हैं। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अजितसिंह राजपूत और उनकी टीम के अथक प्रयासों से सफल हुई है।

Loading comments...