BREAKING
FAC News
Back

कांवड़ यात्रा को लेकर बहराइच में भारी वाहनों का रूट बदला, 28 अगस्त तक रहेगा डायवर्जन

Fariyad Ali | | views
कांवड़ यात्रा को लेकर बहराइच में भारी वाहनों का रूट बदला, 28 अगस्त तक रहेगा डायवर्जन

श्रावण मास में 30 जुलाई से 28 अगस्त तक बहराइच में भारी वाहनों का डायवर्जन लागू


ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली


बहराइच, 30 जुलाई। श्रावण मास 2026 के दौरान कांवड़ यात्रा, मेलों और बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जनपद बहराइच में 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक भारी एवं मालवाहक वाहनों के लिए विशेष यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी गई है। यह व्यवस्था ट्रक, डंपर, डीसीएम, ट्रैक्टर सहित अन्य भारी वाहनों पर प्रभावी रहेगी। आवश्यक एवं आपातकालीन सेवा के वाहनों को इस व्यवस्था से छूट रहेगी।


पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गोण्डा, बलरामपुर और श्रावस्ती से बाराबंकी व लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को टिकोरा मोड़ तिराहा से रेउसा-सीतापुर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं कर्नलगंज से आने वाले भारी वाहन हुजूरपुर तिराहा होते हुए बहराइच, टिकोरा मोड़ और सीतापुर रोड से अपने गंतव्य की ओर भेजे जाएंगे। टिकोरा मोड़ से कैसरगंज होकर किसी भी भारी वाहन को बाराबंकी जाने की अनुमति नहीं होगी।


लखीमपुर खीरी और नानपारा की ओर से गोण्डा एवं अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को दोनक्का तिराहा से श्रावस्ती-बलरामपुर मार्ग पर भेजा जाएगा। वहीं कैसरगंज और हुजूरपुर की ओर से गोण्डा-अयोध्या जाने वाले मालवाहक वाहनों को पयागपुर चौराहा से मोहनीपुर, इकौना और बलरामपुर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।


पुलिस के अनुसार, श्रावण मास के प्रत्येक रविवार सुबह 8 बजे से सोमवार रात 11 बजे तक तथा अयोध्या में श्रावण के सभी सोमवार, झूला मेला और श्रावण पूर्णिमा मेले के दौरान निर्धारित तिथियों पर यह डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी। भीड़ समाप्त होने तक आवश्यकता अनुसार व्यवस्था जारी रखी जा सकेगी।


पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्गों और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे श्रावण मास के दौरान यातायात सुचारु और सुरक्षित बना रहे।

How did you feel about this news?

Related News

Comments

Loading comments...

Related News