BREAKING
FAC News
Back

किसानों से ट्रैक्टर ठगी करने वाला अन्तरजनपदीय गिरोह गिरफ्तार, 07 ट्रैक्टर बरामद

FAC News Desk | | views
किसानों से ट्रैक्टर ठगी करने वाला अन्तरजनपदीय गिरोह गिरफ्तार, 07 ट्रैक्टर बरामद

किसानों से ट्रैक्टर ठगी करने वाला अन्तरजनपदीय गिरोह गिरफ्तार, 07 ट्रैक्टर बरामद

रिपोर्ट – फरियाद अली / उत्तर प्रदेश बहराइच

 

बहराइच, 31 अगस्त।

जनपद बहराइच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मूर्तिहा पुलिस, स्वॉट व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में किसानों से ट्रैक्टर धोखाधड़ी करने वाले अन्तरजनपदीय गिरोह के तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात ट्रैक्टर बरामद किए हैं।

 

पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी व क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा हर्षिता तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। अभियुक्तों के खिलाफ थाना मूर्तिहा में पंजीकृत मुकदमा संख्या 160/2025 व 161/2025 धारा 316(2), 318(4), 338, 336(4), 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

 

घटना का खुलासा तब हुआ जब किसानों ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने ट्रैक्टर भाड़े पर लेने के बाद न तो किराया दिया और न ही ट्रैक्टर लौटाए। जांच में सामने आया कि कुलदीप सिंह, सुभाष कुमार और रामजी शर्मा नामक आरोपियों ने मिलकर गैंग बनाकर किसानों से ट्रैक्टर लेकर फर्जी आरसी तैयार की और उन्हें अन्य किसानों को बेच दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जनपद सीतापुर, शाहजहाँपुर व बाराबंकी से सात ट्रैक्टर बरामद किए।

 

गिरफ्तार अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह के खिलाफ प्रयागराज व गोण्डा में भी कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। बरामद ट्रैक्टरों में पावर ट्रैक यूरो 50 प्लस, जानडियर 5310, महिन्द्रा 275 समेत कुल सात ट्रैक्टर शामिल हैं।

 

इस सफलता में थाना मूर्तिहा के प्रभारी निरीक्षक रामनरेश व स्वॉट/सर्विलांस टीम के प्रभारी मनोज सिंह यादव सहित कुल 13 पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

How did you feel about this news?

Related News

Comments

Loading comments...

Related News