ठाणे: कलवा पुलिस थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित गुटखे की अवैध तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में पुलिस ने ₹66.78 लाख कीमत का 'गोल्ड 9000' (Gold 9000) गुटखा और तस्करी में इस्तेमाल हो रहा ₹28 लाख कीमत का आयशर कंटेनर सहित कुल ₹94 लाख 78 हजार का माल जब्त किया है।
26 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:40 बजे कलवा स्थित पारसिक सर्कल (अमित गार्डन के सामने, मुंब्रा से भिवंडी जाने वाले मार्ग पर) कलवा पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक (API) संतोष पिंपले और जांच दल के कर्मचारियों ने एक संदिग्ध आयशर कंटेनर (क्रमांक TG-12-U-1611) को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर पता चला कि कंटेनर के आगे और पीछे अन्य सामान रखकर बीच में बड़ी चालाकी से 53 बड़ी बोरियों में 'गोल्ड 9000' गुटखे के 19,080 पैकेट छिपाकर ले जाए जा रहे थे।
इस मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती अरुणा वीरकायदे की शिकायत पर कलवा पुलिस स्टेशन में (अपराध क्रमांक 743/2026) खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक मेहराज करीम शेख (उम्र 32 वर्ष, निवासी भिवंडी, मूल निवासी हैदराबाद) को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, पुलिस गुटखे के उत्पादक, ट्रांसपोर्टर और वितरक सहित 7 अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष पिंपले कर रहे हैं।
यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (पश्चिम प्रादेशिक विभाग, ठाणे) श्री अशोक दुधे और पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-1, ठाणे) श्री बालासाहेब पाटिल के मार्गदर्शन में की गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रतापराव भोसले के निर्देशानुसार पुलिस निरीक्षक सुनील पुंगले (अपराध), पुलिस निरीक्षक प्रकाश सुतार (कानून एवं व्यवस्था), सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष पिंपले (जांच पथक अधिकारी) और कलवा पुलिस स्टेशन के अन्य कर्मचारियों ने इस अभियान को सफल बनाया।

Loading comments...