उ.प्र. बहराइच। ऑपरेशन CyVajra अभियान के तहत बहराइच पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे। इसके बाद खातों में अपने मोबाइल नंबर लिंक कराकर पासबुक, एटीएम और चेकबुक अपने कब्जे में रख लेते थे। इन बैंक खातों में दूसरे राज्यों से साइबर ठगी की रकम मंगाकर उसे निकालने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार थाना हरदी क्षेत्र के दो लोगों ने 15 और 16 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि लोन कराने के नाम पर उनके बैंक खाते खुलवाए गए और बाद में खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लिए किया गया। विरोध करने पर कथित रूप से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस के मुताबिक दोनों शिकायतकर्ताओं के खातों से क्रमशः 2 लाख 40 हजार रुपये और 4,800 रुपये निकलवाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर थाना खैरीघाट पुलिस और स्वॉट टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों वांछित आरोपियों को राजापुर मोहल्ले में हाईवे किनारे से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुफियान पुत्र अय्यूब निवासी सिघापुरवा थाना रिसिया, समीर अहमद पुत्र जमील अहमद निवासी आजाद नगर थाना रिसिया और कृष्ण मुरारी प्रसाद पुत्र भगत प्रसाद निवासी सिकन्दरा, जिला नवादा, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 7 आधार कार्ड, 25 एटीएम कार्ड, 14 चेकबुक, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक पैन कार्ड, एक पासबुक, 12 विजिटिंग कार्ड, एक बैग, एक वैगनार कार और 3 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लोगों को लोन का ऑफर देकर बैंक खाते खुलवाने, खातों की पासबुक, चेकबुक और एटीएम अपने पास रखने तथा उन खातों में साइबर ठगी की रकम मंगाकर निकालने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दोनों शिकायतकर्ताओं के खातों से 2 लाख 40 हजार रुपये और 4,800 रुपये निकलवाने की बात भी स्वीकार की।
इस मामले में थाना हरदी में मुकदमा संख्या 319/2026 और 320/2026 दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कृष्ण मुरारी प्रसाद के खिलाफ नोएडा में वर्ष 2024 का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, निरीक्षक जयपाल सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक ओम नारायण मिश्रा सहित थाना पुलिस और स्वॉट टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया।

Loading comments...