BREAKING
FAC News
Back

मालेगांव में बाइक चोरों की ‘रफ्तार’ पर ब्रेक: 11 दोपहिया बरामद, ₹5.90 लाख का माल जब्त

Ravindra Nerkar | | views
मालेगांव में बाइक चोरों की ‘रफ्तार’ पर ब्रेक: 11 दोपहिया बरामद, ₹5.90 लाख का माल जब्त

नाशिक ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई; जाफरनगर से एक आरोपी दबोचा, साथी फरार; मालेगांव, नांदगांव और धुले तक फैला था चोरी का नेटवर्क

नाशिक/मालेगांव : मालेगांव शहर और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बाइक चोरी की वारदातों के बीच नाशिक ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर करीब ₹5.90 लाख का माल जब्त किया है। मामले में मुदसीर अहमद जमील अहमद उर्फ मुदसीर वायरमन(30) निवासी जाफरनगर, मालेगाव से गिरफ्तार किया गया है। उसका साथी मुज्जू फिटर,निवासी नूरबाग, मालेगांव फरार है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोरी का यह सिलसिला केवल मालेगांव तक सीमित नहीं था। आरोपी ने अपने साथी के साथ मालेगांव, नांदगांव और धुले के अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी करने की बात कबूल की है। फरार आरोपी के पकड़े जाने के बाद बाइक चोरी की और वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

मुखबिर की एक सूचना और खुलती गई चोरी की परतें। मालेगांव शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए नाशिक ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक, मालेगांव ने लंबित व अनसुलझे मामलों की समीक्षा कर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।इसी क्रम में स्थानीय अपराध शाखा की टीम बाइक चोरी के मामलों की समानांतर जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि जाफरनगर इलाके में एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल लेकर आने वाला है।

पुलिस की टीम ने जाफरनगर में जाल बिछाया और संदिग्ध को पकड़ लिया। उसके पास होंडा शाइन बाइक मिली। पुलिस ने जब वाहन के दस्तावेज मांगे तो वह टालमटोल करने लगा। शक गहराने पर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की और इसके बाद एक-एक कर बाइक चोरी की कई वारदातों की परतें खुलती चली गईं। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी मुज्जू फिटर के साथ मिलकर यह होंडा शाइन सौंदाणे, तहसील मालेगांव से चोरी की थी। इसके बाद हुई विस्तृत पूछताछ में उसने मालेगांव शहर, नांदगांव और धुले सहित विभिन्न स्थानों से कुल 11 दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों और मॉडलों के वाहन बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर 3 होंडा यूनिकॉर्न, 2 होंडा शाइन, 2 बर्गमैन स्कूटी, 2 सुजुकी एक्सेस स्कूटी, 1 रॉयल एनफील्ड बुलेट और 1 बजाज चैंपियन सहित कुल 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनकी कुल कीमत करीब ₹5 लाख 90 हजार आंकी गई है।

एक गिरफ्तारी से तीन दर्ज मामलों की गुत्थी सुलझी। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से फिलहाल बाइक चोरी के तीन दर्ज मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें मालेगांव तालुका पुलिस स्टेशन का अपराध क्रमांक 571/2026, नांदगांव पुलिस स्टेशन का अपराध क्रमांक 366/2026 और चालीसगांव रोड पुलिस स्टेशन, जिला धुले का अपराध क्रमांक 44/2026 शामिल है। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी मुदसीर अहमद को मालेगांव तालुका पुलिस स्टेशन के अपराध क्रमांक 571/2026 में आगे की जांच के लिए सौंप दिया गया है। इस गिरोह का दूसरा आरोपी मुज्जू फिटर फिलहाल फरार है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों और वारदातों के बारे में भी अहम जानकारी सामने आ सकती है।

आपकी बाइक चोरी हुई है तो दस्तावेज लेकर थाने पहुंचें. पुलिस ने बरामद सभी 11 मोटरसाइकिलों को मालेगांव तालुका पुलिस स्टेशन में रखा है। मालेगांव शहर और ग्रामीण क्षेत्र के जिन नागरिकों की बाइक चोरी हुई है, उनसे पुलिस ने वाहन के मूल दस्तावेज लेकर मालेगांव तालुका पुलिस स्टेशन पहुंचकर बरामद वाहनों की पहचान करने की अपील की है।

पुलिस ने नागरिकों को आगाह किया है कि सेकंड हैंड बाइक खरीदते समय उसके मूल दस्तावेजों की पूरी जांच जरूर करें। यदि कोई व्यक्ति बाजार मूल्य से बेहद कम कीमत पर, बिना नंबर प्लेट या संदिग्ध/फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक बेचने आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

How did you feel about this news?

Related News

Comments

Loading comments...

Related News