श्रावस्ती: जानलेवा हमले के मामले में गिलौला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच वांछित आरोपी गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
श्रावस्ती। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गिलौला पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में वांछित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को ग्राम नगरौरा स्थित नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को थाना गिलौला क्षेत्र के ग्राम नगरौरा में आपसी विवाद के दौरान जान से मारने की नीयत से मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना गिलौला में मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी।
इसी क्रम में 11 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी ग्राम नगरौरा की नहर पटरी के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में मुकदमे में नामजद होने की पुष्टि के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किसान पुत्र चिनकू, प्रमुख पुत्र चिनकू, विकास पुत्र डक्कर उर्फ डम्फर, गोदे पुत्र टेकई और मनोज पुत्र मेहतर के रूप में हुई है। सभी महावतपुरवा, ग्राम नगरौरा, थाना गिलौला, जनपद श्रावस्ती के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान आरोपियों द्वारा सामूहिक रूप से घटना को अंजाम देने की बात सामने आने पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी इकौना भरत कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक केशव कुमार दूबे, अजय सिंह यादव, इन्द्रजीत प्रसाद, पशुपतिनाथ तिवारी, सुरेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Loading comments...