इस पूरी कार्रवाई में एक स्थानीय गैर-सरकारी संगठन (NGO) ने अहम भूमिका निभाई है।
यह पूरी कार्रवाई ठाणे पुलिस के अनैतिक मानवी वाहतूक प्रतिबंधक कक्षा (AHTC) द्वारा की गई। पुलिस को एक एनजीओ से गुप्त सूचना मिली थी कि मनोरंजन उद्योग से जुड़ी महिलाओं को बहला-फुसलाकर देह व्यापार के दलदल में धकेला जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने 8 अक्टूबर को मीरा-भायंदर रोड पर स्थित एक होटल में एक फर्जी ग्राहक (Decoy Customer) भेजा। जैसे ही सौदा पक्का हुआ, पुलिस की टीम ने तुरंत होटल पर छापा मार दिया।
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने पैसे लेते हुए तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरेशी (39) नामक महिला को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला मूल रूप से छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की रहने वाली है और वर्तमान में मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, सोनिया अपने एक पुरुष साथी के साथ मिलकर टीवी शो, वेब सीरीज और फोटोशूट में काम तलाशने वाली मजबूर महिलाओं को निशाना बनाती थी।
सोनिया के चंगुल से छुड़ाई गई 35 वर्षीय अभिनेत्री को फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से मुंबई के रेस्क्यू फाउंडेशन में रखा गया है। गिरफ्तार आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143 (मानव तस्करी) और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (PITA) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के फरार पुरुष साथी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Loading comments...