सायखेडा पुलिस की कार्रवाई में 50 ग्राम सोना, मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल जब्त; आठ लाख रुपये का माल बरामद
नाशिक: राह चलती और खेतों में काम कर रही महिलाओं को निशाना बनाकर उनकी सोने की चेन छीनने के मामलों में सायखेडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना पर नाकाबंदी कर पुलिस ने सचिन सुदाम ढेपले (40), निवासी ढेपले बस्ती, नांदुर्डी रोड, निफाड को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, उसकी पूछताछ से नाशिक ग्रामीण जिले में चेन स्नैचिंग के चार और मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा हुआ है। आरोपी के कब्जे से अब तक 50 ग्राम वजन की सोने की लगड़ी, वारदात में इस्तेमाल की गई यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त माल की कुल कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है।
लाल यूनिकॉर्न और काले हेलमेट से मिला सुराग. पिछले कुछ दिनों से जिले के विभिन्न इलाकों में महिलाओं के गले से सोने के आभूषण छीनने की घटनाएं बढ़ रही थीं। आरोपी दुचाकी पर आकर वारदात करता और तेज रफ्तार से भाग निकलता था। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश के निर्देश दिए थे। इसी दौरान खाणगांव थडी क्षेत्र में गश्त करते समय सहायक पुलिस निरीक्षक सागर सुरेश आव्हाड और हवलदार मंगेश गोसावी को सूचना मिली कि वारदातों में बताए गए हुलिए से मिलता-जुलता व्यक्ति लाल रंग की यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल पर काला हेलमेट पहनकर मांजरगांव से खाणगांव थडी की ओर आ रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर खाणगांव परिसर स्थित होटल झोपड़ी के पास संदिग्ध को पकड़ लिया।
चार थाना क्षेत्रों की वारदातें उजागर. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सचिन ढेपले ने सायखेडा क्षेत्र के नागापुर और तळवाडे शिवार, वडांगळी शिवार तथा पिंपळगांव थाना क्षेत्र में सोने की चेन छीनने की वारदातें स्वीकार कीं। जांच में निम्न मामलों का खुलासा हुआ है:
सायखेडा थाना: अपराध क्रमांक 225/2026 और 186/2026 - चेन स्नैचिंग के दो मामले।
एमआईडीसी सिन्नर थाना: अपराध क्रमांक 328/2026 - चेन स्नैचिंग का एक मामला।
पिंपळगांव थाना: अपराध क्रमांक 257/2026 चेन स्नैचिंग का एक मामला।
वणी थाना: अपराध क्रमांक 248/2026 मोटरसाइकिल चोरी का एक मामला।
पुलिस ने बताया कि सचिन ढेपले के खिलाफ निफाड थाने में पहले से भी तीन मामले दर्ज हैं।
सोना खरीदने और स्वीकार करने वालों की भूमिका भी सामने आई जांच में सोना खरीदने के आरोप में अजय रमेश कुलथे (46), निवासी डी-5, शिमंगल पैराडाइज, इंदिरानगर, नाशिक तथा आरोपी से सोना स्वीकार करने के आरोप में सराफा कारोबारी के कर्मचारी घनश्याम निवृत्ती लोंढे (58), निवासी सावतानगर, सिडको, नाशिक की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, दोनों को मामले में आरोपी के रूप में चिह्नित किया गया है।
यह कार्रवाई नाशिक पुलिस अधीक्षक डॉ. डी.एस. स्वामी और अपर पुलिस अधीक्षक विमला एम. के मार्गदर्शन तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी के. के. पाटील के निर्देश पर की गई। कार्रवाई में सायखेडा थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक सागर सुरेश आव्हाड, पुलिस उपनिरीक्षक अशोक मोकळ, तांदाळकर और निकिता खडेकर, हवलदार मंगेश गोसावी, जितेंद्र पाटोळे, जयंत जगताप, अजय पगारे, प्रदीप भाबड और अमोल भाबड, पुलिस नायक एम. जाधव और संतोष माळोदे, पुलिस सिपाही संदीप लगड, दीपक सानप, जितेंद्र मुकणे और मिलिंद शिरसाठ शामिल रहे। तकनीकी विश्लेषण विभाग के हवलदार हेमंत गिलबीले ने भी जांच में सहयोग दिया।

Loading comments...