मंडला: मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे लोगों पर करंट का तार गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत नाजुक होने के कारण उसे मंडला जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 25 सितंबर को गणेश विसर्जन का कार्यक्रम था। विसर्जन संपन्न होने के बाद जब लोग वापस लौटे, तो थके होने के कारण पंडाल में बने मंच पर ही सो गए। यह दर्दनाक हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ, जब पंडाल में अचानक करंट फैल गया।
हादसे में इन्होंने गंवाई जानइस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान कर ली गई है:बिरेन्द्र भांगर (उम्र 55 वर्ष)कृष्ण कुमार भांबरे (उम्र 19 वर्ष)रवि (उम्र 24 वर्ष)जैनू भांबरे (उम्र 39 वर्ष)
शॉर्ट सर्किट के कारण गिरा एम्पलीफायर का तारनैनपुर थाना प्रभारी मंसाराम वगेन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक जब पंडाल में सो रहे थे, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट होने की वजह से वहां लगे साउंड एम्पलीफायर का कनेक्शन वायर टूटकर सीधे सो रहे युवकों के ऊपर गिर गया।
इलाके में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही थी, जिसके कारण पंडाल और उसके आसपास के पूरे हिस्से में काफी नमी (गीलापन) थी। जमीन गीली होने की वजह से जैसे ही टूटा हुआ तार नीचे गिरा, करंट तेजी से फैल गया और सो रहे लोग इसकी चपेट में आ गए।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरीहादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार शुरू हो गई। ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। नैनपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Loading comments...