मुंबई: जुहू इलाके में पटाखा फोड़ने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। जुहू पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 8 नवंबर 2026 की रात करीब 11:00 बजे विलेपार्ले (पश्चिम) के वी.एम. रोड पर सानिध्य बिल्डिंग और एचडीएफसी बैंक के सामने फुटपाथ पर हुई। शिकायतकर्ता राकेशकुमार विद्यानंद चौधरी (उम्र 24 वर्ष) द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक, सहकारी भंडार सिग्नेचर दुकान के सामने सड़क पर बुलेट मोटरसाइकिल के पास पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद इतना बढ़ गया कि बुलेट मोटरसाइकिल से आए दो आरोपियों और उनके साथ मौजूद एक नाबालिग (विधि संघर्षग्रस्त बालक) सहित तीन अज्ञात लोगों ने शिकायतकर्ता और उसके साथियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने राकेशकुमार और उसके साथी शुभंकर (उम्र 18 वर्ष) को लात-घूसों (हाथों) से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।
इस बेरहमी से की गई मारपीट में 18 वर्षीय शुभंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जान से मारने के इरादे से पीटा गया था, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। जुहू पुलिस ने इस मामले में 9 नवंबर 2026 को अपराध संख्या 1749/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की धारा 103(1) (हत्या), 115(2), और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल 25 वर्षीय और 22 वर्षीय दो आरोपियों सहित एक नाबालिग को हिरासत में लिया है और आगे की जांच कर रही है।

Loading comments...