BREAKING
FAC News
Back

मुंबई के पाली हिल स्थित 'संधू पैलेस' प्रोजेक्ट को NGT का बड़ा झटका, 5% पर्यावरणीय जुर्माना भरने का आदेश

Tabish | | — views
मुंबई के पाली हिल स्थित 'संधू पैलेस' प्रोजेक्ट को NGT का बड़ा झटका, 5% पर्यावरणीय जुर्माना भरने का आदेश

मुंबई: मुंबई के प्रतिष्ठित पाली हिल इलाके में बिना पर्यावरण मंजूरी (Environmental Clearance) के 'संधू पैलेस' नामक आलीशान आवासीय प्रोजेक्ट बनाने वाले 'संधू बिल्डर्स' को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने बड़ा झटका दिया है। अधिकरण ने बिल्डर को प्रोजेक्ट की कुल लागत की 5 प्रतिशत राशि पर्यावरणीय मुआवजे (क्षतिपूर्ति) के रूप में जमा करने का आदेश दिया है।


• BMC और बिक्री पर रोक: NGT ने मुंबई महानगरपालिका (BMC) को निर्देश दिया है कि जब तक प्रोजेक्ट को पर्यावरण मंजूरी नहीं मिल जाती, तब तक आगे कोई भी ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC) जारी न किया जाए। इसके साथ ही, बिल्डर को प्रोजेक्ट में किसी भी नए थर्ड-पार्टी अधिकार (बिक्री या हस्तांतरण) बनाने पर भी रोक लगा दी गई है।


• दो महीने की मोहलत: जस्टिस दिनेश कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य डॉ. सुजीत कुमार बाजपेयी की पीठ ने बिल्डर को दो महीने के भीतर महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPCB) के पास यह मुआवजा राशि जमा करने का निर्देश दिया है।


• पर्यावरणीय नुकसान का आकलन: राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) को आदेश दिया गया है कि वह इस निर्माण से पर्यावरण को हुए नुकसान का आकलन करे और सुधारात्मक उपाय तय करे। इन उपायों का पूरा खर्च बिल्डर को अलग से उठाना होगा। प्राधिकरण को लंबित पर्यावरण मंजूरी के आवेदन पर तीन महीने के भीतर फैसला लेने को भी कहा गया है।


40,317.33 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली इस 18 मंजिला आलीशान इमारत में कई जानी-मानी हस्तियों के घर हैं। क्रिकेटर के.एल. राहुल और अभिनेत्री अथिया शेट्टी ने भी साल 2024 में इसी इमारत में 3,350 वर्ग फुट का एक फ्लैट खरीदा था।


चेतक को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी और प्रताप ला तेली द्वारा एडवोकेट आदित्य प्रताप के माध्यम से दायर की गई याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए NGT ने यह फैसला सुनाया है। सुनवाई के दौरान बिल्डर ने दलील दी थी कि सितंबर 2006 में पर्यावरणीय अधिसूचना लागू होने से पहले ही फरवरी 2006 में उनके निर्माण प्लान को मंजूरी मिल गई थी, लेकिन अधिकरण ने इसे स्वीकार नहीं किया।


इस फैसले ने एक बार फिर मुंबई के आलीशान निर्माण प्रोजेक्ट्स में पर्यावरणीय नियमों के पालन और प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

How did you feel about this news?

Related News

Comments

Loading comments...

Related News