मुंबई: शहर में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए बृहन्मुंबई पुलिस आयुक्तालय ने निषेधाज्ञा (Prohibitory Order) जारी की है। पुलिस उपायुक्त (अभियान) अकबर पठान द्वारा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम, 1951 की धारा 37(3) के तहत जारी यह आदेश 28 नवंबर 2026 की रात 12:01 बजे से 12 दिसंबर 2026 की रात 12:00 बजे तक पूरे मुंबई शहर में प्रभावी रहेगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, विभिन्न स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर शहर में शांति भंग होने, दंगे या सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
इन गतिविधियों पर रहेगी रोक:
• सार्वजनिक स्थानों पर पांच या उससे अधिक लोगों के एक साथ इकट्ठा होने पर प्रतिबंध रहेगा।
• किसी भी प्रकार का जुलूस या रैली निकालने की अनुमति नहीं होगी।
• किसी भी सभा या जुलूस में लाउडस्पीकर, संगीत वाद्ययंत्र, म्यूजिकल बैंड बजाने और पटाखे फोड़ने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
इन्हें दी गई है विशेष छूट:
प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ आवश्यक और पारंपरिक गतिविधियों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा है:
• विवाह समारोह और इससे जुड़े अन्य कार्यक्रम।
• अंतिम संस्कार और श्मशान या कब्रिस्तान जाने वाले जुलूस।
• कंपनियों, क्लबों, सहकारी समितियों और अन्य संस्थाओं की वैधानिक बैठकें।
• सिनेमाघरों, थिएटरों और मनोरंजन स्थलों पर फिल्म या नाटक देखने के लिए एकत्र होने वाली भीड़।
• सरकारी और अर्ध-सरकारी कामकाज के लिए अदालतों व सरकारी कार्यालयों के आसपास होने वाली आवाजाही।
• शैक्षणिक गतिविधियों के लिए स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान।
• सामान्य व्यापार और कामकाज के लिए कारखाने, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान।
• जोनल पुलिस उपायुक्त (Zonal DCP) या वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विशेष रूप से अनुमति प्राप्त कार्यक्रम।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Loading comments...