देशभर के विभिन्न राज्यों से आए राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों तथा पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति ने इस महासभा को राष्ट्रीय पत्रकार एकता का ऐतिहासिक संगम बना दिया।
मुंबई: एसोसिएशन ऑफ इंडियन जर्नालिस्ट (एआईजे) की 12वीं राष्ट्रीय वार्षिक महासभा एवं 'एआईजे पत्रकारिता सम्मान समारोह' रविवार को मुंबई के अंधेरी स्थित नवनीत गुजराती समाज भवन में अत्यंत गरिमामय एवं ऐतिहासिक वातावरण में सम्पन्न हुआ। देशभर के विभिन्न राज्यों से आए राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति ने इस महासभा को राष्ट्रीय पत्रकार एकता का प्रेरणादायी मंच बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद 12वीं वार्षिक महासभा प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विक्रम सेन ने की। मंचासीन अतिथियों में सीडब्ल्यूसी कॉलेज के प्राचार्य अजय कौल, राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एम. एस. शेख, राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष किरण गोगोई, राष्ट्रीय महासचिव मनोहर मंडलोई, राष्ट्रीय संरक्षक क्रांति चतुर्वेदी, राष्ट्रीय संस्थापक संरक्षक जीतू सोनी, वूमेन विंग चेयरमैन श्रीमती दीपिका द्विवेदी, लीगल विंग चेयरमैन अरिहंत नाहर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रविंद्र नेरकर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पवन पाठक, महाराष्ट्र कार्यवाहक अध्यक्ष सिकंदर नदाफ, प्रदेश महासचिव रमेश गणगे, लीगल विंग महाराष्ट्र अध्यक्ष कैलाश पठारे, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी शाहनवाज शेख, हेल्थ एंड एजुकेशन विंग के राष्ट्रीय चेयरमैन निर्मल सोलंकी, प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल मारवाड़ी, राष्ट्रीय संयोजक किशोर दगड़ी, ध्रुव सिंह सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
महासभा में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, उच्च स्तरीय शिक्षा में राहत, सामाजिक सुरक्षा तथा पत्रकारों के अधिकारों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। सभी प्रदेश अध्यक्षों ने अपने-अपने राज्यों की वार्षिक गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा पत्रकार हित में दूरगामी सुझाव रखे। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संरक्षक एवं नवभारत समूह के संपादक क्रांति चतुर्वेदी ने कहा कि, "पत्रकारिता लोकतंत्र की आत्मा है। पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास बेहद जरूरी हैं।"
राष्ट्रीय संस्थापक संरक्षक एवं लोकस्वामी समूह के प्रधान संपादक जितेंद्र सोनी ने कहा कि, "देश के 22 राज्यों से पत्रकारों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि एआईजे आज राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत, विश्वसनीय और सक्रिय पत्रकार संगठन के रूप में स्थापित हो चुका है।"
महासभा की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन ने कहा कि, "एआईजे केवल एक संगठन नहीं, बल्कि देशभर के पत्रकारों का सशक्त राष्ट्रीय परिवार है। हमारा लक्ष्य पत्रकारों का सम्मान, सुरक्षा, अधिकार और स्वाभिमान सुनिश्चित करना है। संगठन की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।"
राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष एवं आयोजन अध्यक्ष एम. एस. शेख ने कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों के लिए एआईजे निरंतर समर्पित है। भविष्य में भी पत्रकार हित संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा।
महिला विंग की राष्ट्रीय चेयरमैन श्रीमती दीपिका द्विवेदी ने कहा कि महिला पत्रकारों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समान अवसर उपलब्ध कराना संगठन की प्राथमिकता है। महिला नेतृत्व के सशक्त होने से पत्रकारिता और समाज दोनो मजबूत होंगे।
लीगल विंग के राष्ट्रीय चेयरमैन एडवोकेट अरिहंत नाहर ने कहा कि पत्रकारिता की सबसे बड़ी शक्ति सत्य, संविधान एवं कानून है। एआईजे का लीगल विंग प्रत्येक पत्रकार को संवैधानिक अधिकारों, कानूनी सुरक्षा एवं न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहेगा। साथ ही समय-समय पर विधिक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
वहीं राष्ट्रीय महासचिव मनोहर मंडलोई ने संगठन का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि, "एआईजे का प्रत्येक अभियान पत्रकार हितों को समर्पित है। सभी पदाधिकारियों के सामूहिक प्रयास से संगठन नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। संगठन की मजबूती ही पत्रकारों का भविष्य सुरक्षित करेगी।"
महाराष्ट्र राज्य के कार्यवाहक अध्यक्ष सिकंदर नदाफ ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाराष्ट्र की पूरी टीम संगठन विस्तार, पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों की रक्षा एवं संगठनात्मक एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्ण निष्ठा से कार्य करेगी।
पत्रकारिता सम्मान समारोह' में पत्रकारिता, समाजसेवा एवं जनहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों तथा पत्रकार साथियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, सामाजिक अधिकारों एवं संगठन के विस्तार के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय एकता, संगठनात्मक मजबूती और पत्रकार हितों के प्रति समर्पण के संदेश के साथ एआईजे की 12वीं वार्षिक महासभा का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Loading comments...