मुंबई : मुंबई और उपनगरों में इन दिनों जगह-जगह खुल रहे मसाज पार्लर और स्पा सेंटरों को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। एक तरफ आम आदमी महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है, वहीं दूसरी तरफ शहर के कई इलाकों में लगातार नए मसाज पार्लर और स्पा सेंटर खुलते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इन सेंटरों का कारोबार इतनी तेजी से कैसे फल-फूल रहा है?
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि कुछ स्पा सेंटरों में मसाज की आड़ में कथित रूप से अनैतिक और गैरकानूनी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ के नाम पर ग्राहकों को कथित रूप से आकर्षित किए जाने की शिकायतें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं। यदि इन आरोपों में सच्चाई है, तो यह न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि युवाओं और समाज के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।
इसी कड़ी में मरोल मेट्रो स्टेशन के पास मरोल नाका क्षेत्र में संचालित ‘Nourish Spa’ को लेकर स्थानीय सूत्रों ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सूत्रों का दावा है कि स्पा के मेजनीन फ्लोर पर कथित रूप से तीन कमरे बनाए गए हैं, जहां देर रात तक ग्राहकों की आवाजाही रहती है और मसाज के नाम पर कथित ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ दिए जाने का आरोप है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस स्पा के संचालन को लेकर ट्रेड लाइसेंस, हेल्थ लाइसेंस और फायर सेफ्टी संबंधी अनुमतियों की जांच किए जाने की आवश्यकता है। यह भी आरोप है कि मेजनीन फ्लोर पर बनाए गए कथित केबिनों के लिए संबंधित मनपा विभाग से आवश्यक अनुमति या एनओसी ली गई है या नहीं, इसकी भी जांच होनी चाहिए।
इसके अलावा, स्पा में काम करने वाले कर्मचारियों की योग्यता और अनुभव से संबंधित प्रमाणपत्र, ग्राहकों का रिकॉर्ड, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर और अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं—इन तमाम मुद्दों पर भी संबंधित विभागों से जांच की मांग की जा रही है।
स्थानीय पुलिस और मनपा प्रशासन से सवाल
यदि किसी स्पा सेंटर में नियमों का उल्लंघन हो रहा है या अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, तो क्या इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस और संबंधित मनपा अधिकारियों को है?
क्या मुंबई में संचालित सभी स्पा और मसाज सेंटरों के लाइसेंस और फायर सेफ्टी दस्तावेजों की नियमित जांच की जाती है?
क्या मेजनीन फ्लोर पर बनाए गए कथित केबिनों की मनपा अधिकारियों द्वारा जांच की गई है?
यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई?
‘एक्स्ट्रा सर्विस’ के नाम पर कथित कारोबार पर कब लगेगी लगाम?
मुंबई में यदि वास्तव में कुछ स्पा सेंटरों की आड़ में गैरकानूनी गतिविधियां चल रही हैं, तो संबंधित विभागों को केवल शिकायत का इंतजार करने के बजाय स्वतः संज्ञान लेकर जांच करनी चाहिए। स्थानीय नागरिकों की मांग है कि मुंबई और उपनगरों में संचालित सभी स्पा सेंटरों की व्यापक जांच की जाए और जहां भी नियमों का उल्लंघन या गैरकानूनी गतिविधियां सामने आएं, वहां कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि मरोल नाका स्थित ‘Nourish Spa’ को लेकर सामने आए इन आरोपों पर स्थानीय पुलिस, मनपा प्रशासन और संबंधित विभाग कब जांच शुरू करते हैं और क्या कार्रवाई होती है।
महत्वपूर्ण : इस रिपोर्ट में उल्लेखित आरोप स्थानीय सूत्रों और प्राप्त शिकायतों पर आधारित हैं। ‘Nourish Spa’ या संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इस रिपोर्ट के प्रकाशन तक नहीं हो सकी है। संबंधित स्पा प्रबंधन या व्यक्ति का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी निष्पक्ष रूप से प्रकाशित किया जाना चाहिए।

Loading comments...