BREAKING
FAC News
Back

मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राजस्थान के भीलवाड़ा से चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, 7.97 लाख के गहनों सहित 6 मामले सुलझाए

Tabish | | — views
मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राजस्थान के भीलवाड़ा से चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, 7.97 लाख के गहनों सहित 6 मामले सुलझाए

मुंबई: बांद्रा पुलिस ने चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान के भीलवाड़ा से मुख्य आरोपी और एक नाबालिग (विधि संघर्षग्रस्त बालक) को हिरासत में लिया है। पुलिस ने इनके पास से 7,97,120 रुपये मूल्य की कुल 65 ग्राम 790 मिलीग्राम वजनी 7 सोने की चेन बरामद की हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही मुंबई के विभिन्न थानों में दर्ज चेन स्नैचिंग के कुल 6 मामलों को सुलझा लिया गया है।


जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को रात करीब 7:45 बजे बांद्रा पश्चिम स्थित सेंट सेबेस्टियन रोड पर यूनियन बैंक के पास पल्लवी अरविंद वाघेला (48) अपने पति के साथ पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से 6 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर बांद्रा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


मामले की गंभीरता को देखते हुए बांद्रा पुलिस की क्राइम डिटेक्शन टीम ने तकनीकी जांच की, जिसमें पता चला कि आरोपी राजस्थान के भीलवाड़ा के रहने वाले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी भीलवाड़ा से ट्रेन के जरिए मुंबई आते थे। यहां वे शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन की हद से एक मोटरसाइकिल चोरी करते थे और उसी बाइक से मुंबई के बांद्रा, विलेपार्ले और अंधेरी इलाकों में चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देकर वापस ट्रेन से भीलवाड़ा भाग जाते थे।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम 17 नवंबर 2026 को भीलवाड़ा पहुंची और मुख्य आरोपी को पूर पुलिस स्टेशन की हद से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर वारदात करने की बात कबूली, जिसके बाद सुभाषनगर (भीलवाड़ा) से नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया, जहां से मुख्य आरोपी को पुलिस हिरासत में और नाबालिग को डोंगरी स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

सुलझे हुए मामले और आपराधिक रिकॉर्ड

आरोपियों से बरामद माल के आधार पर मुंबई के चार पुलिस स्टेशनों के 6 मामले सुलझे हैं:

• विलेपार्ले पुलिस स्टेशन: 3 मामले

• बांद्रा पुलिस स्टेशन: 1 मामला

• अंधेरी पुलिस स्टेशन: 1 मामला

• शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन: 1 मामला

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार मुख्य आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ मुंबई और राजस्थान में डकैती, चोरी, हत्या का प्रयास और मारपीट सहित कुल 9 गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

इन अधिकारियों ने दिया कार्रवाई को अंजाम

यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त मोहित कुमार गर्ग, दत्ता नलावडे और सहायक पुलिस आयुक्त अधिकराव पोल के मार्गदर्शन में बांद्रा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रवींद्र साळुंखे, पुलिस निरीक्षक अजय लिंगनूरकर और उनकी जांच टीम द्वारा की गई। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक यशवंत पालवे कर रहे हैं।

How did you feel about this news?

Related News

Comments

Loading comments...

Related News