मुंबई:मुंबई में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के एम/पूर्व विभाग के दो अधिकारियों और एक निजी व्यक्ति के खिलाफ ₹3,50,000 की रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई 30 सितंबर 2026 को की गई।
1. गणेश हनमंतराव चांदोलकर – सहायक अभियंता (Assistant Engineer), एम/पूर्व विभाग, बीएमसी, गोवंडी, मुंबई।
2. अविनाश दत्तात्रय दुधभात – उप अभियंता (Deputy Engineer), एम/पूर्व विभाग, बीएमसी, गोवंडी, मुंबई।
3. विनीत खाडे – निजी व्यक्ति (Private Person)।
शिकायतकर्ता (उम्र 34 वर्ष) ने एम/पूर्व विभाग, गोवंडी के कार्यक्षेत्र में 'पिंक आर्मी योजना' के तहत सार्वजनिक शौचालयों की सफाई का काम किया था। इस काम के बकाया बिल को मंजूर करने के बदले में लोकसेवक गणेश चांदोलकर और अविनाश दुधभात ने शिकायतकर्ता से ₹3,50,000 की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने 5 अगस्त 2026 को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), मुंबई विभाग में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
जांच और कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने 6 अगस्त 2026 को मामले की पड़ताल (Verification) की। जांच में सामने आया कि आरोपी गणेश चांदोलकर ने शिकायतकर्ता से ₹2,00,000 की रिश्वत मांगी थी। साथ ही, अविनाश दुधभात और निजी व्यक्ति विनीत खाडे ने भी रिश्वत की मांग का समर्थन किया और विनीत खाडे रिश्वत की रकम स्वीकार करने के लिए तैयार हुआ।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, मुंबई विभाग ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (Prevention of Corruption Act) की धारा 7 और 7(अ) के तहत गुन्हा रजिस्टर नंबर 29/2026 दर्ज किया है। आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई एसीबी के पुलिस निरीक्षक श्रीमती रजनी उंबरकर और सहायक पुलिस आयुक्त श्री प्रविण पावले की देखरेख में की गई।
जनता से अपील
भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी सरकारी कर्मचारी या लोकसेवक द्वारा काम के बदले रिश्वत मांगी जाती है, तो तुरंत नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क करें:
• हेल्पलाइन नंबर: 1064
• व्हाट्सएप नंबर: 8828241064
• दूरध्वनी क्रमांक: 022-24921212

Loading comments...