मुंबई: मुंबई पुलिस के ट्रैफिक विभाग (पश्चिम उपनगर) ने ओशिवरा ट्रैफिक डिवीजन के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण ट्रैफिक एडवाइजरी और अस्थायी आदेश जारी किया है। यह आदेश 02 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गया है, जो 31 मई 2027 तक लागू रहेगा।
मुंबई नगर निगम (BMC) द्वारा सब टी.वी. रोड से लिंक रोड को जोड़ने वाले 'प्रमोद नवलकर मार्ग' पर स्थित मोगरा नाले के जर्जर पुल को तोड़ने और वहां नए पुल का निर्माण करने का काम शुरू किया जा रहा है। सार्वजनिक सुरक्षा और काम को तेजी से पूरा करने के लिए इस मार्ग को दोनों दिशाओं से सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस उपायुक्त (यातायात - पश्चिम उपनगर) अजीत बोराडे द्वारा निम्नलिखित वैकल्पिक मार्गों (Diversions) की घोषणा की गई है:
• मार्ग 1: लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स रोड की तरफ से सब टी.वी. रोड (प्रमोद नवलकर मार्ग) होकर दक्षिण वाहिनी से आने वाले हल्के वाहन होटल एम्पायर से पहले बाएं मुड़ेंगे। इसके बाद वे सीधे जाकर आगे से दाहिने मुड़ेंगे और कलिंगा मार्ग से न्यू लिंक रोड की तरफ जा सकेंगे।
• मार्ग 2: न्यू लिंक रोड से उत्तर वाहिनी होकर आने वाले हल्के वाहन होटल कलिंगा से होते हुए बाएं मुड़ेंगे और होटल एम्पायर के पास से बाएं या दाहिने मुड़कर लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स रोड की ओर अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे।
पुलिस की अपील:
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए यातायात पुलिस कर्मियों के निर्देशों और सड़क पर लगाए गए दिशा-सूचक बोर्ड का पालन करें।

Loading comments...