मुंबई। जब पूरा देश रोशनी के त्योहार दीपावली के जश्न में डूबा होता है, हर घर दीयों की रोशनी और अपनों की हंसी से जगमगा रहा होता है, तब भी महानगर की सड़कों पर कोई अपनी थकान भूलकर मुस्तैदी से खड़ा रहता है। यह चेहरा है मुंबई ट्रैफिक पुलिस के उन जवानों का, जो चिलचिलाती धूप, मूसलाधार बारिश या कड़कड़ाती ठंड की परवाह किए बिना, 24 घंटे अपनी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं।
आज दीपावली के पावन अवसर पर, जहां हर कोई अपने परिवार, बच्चों और करीबियों के साथ खुशियां बांट रहा है, वहीं ये पुलिसकर्मी ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़कों पर डटे हुए हैं। त्योहारों के दिनों में जब घर पर परिवार और बच्चे इनका रास्ता देख रहे होते हैं, तब भी ये अपने निजी सुख और खाने-पीने के समय को भूलकर जनता की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हैं।
अपने परिवार से दूर रहकर, दूसरों की दीवाली को सुरक्षित और खुशहाल बनाने वाले इन जांबाज जवानों का यह जज्बा वाकई वंदनीय है। मुंबई पुलिस के इस निस्वार्थ समर्पण और अटूट कर्तव्यनिष्ठा को पूरे शहर का दिल से सलाम!

Loading comments...