मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगने वाला है। आगामी 1 सितंबर से दूध की कीमतों में सीधे 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने जा रही है। दूध के दाम बढ़ाने का ऐलान मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन की ओर से किया गया है।
कीमतों में बढ़ोतरी के बाद मुंबई में दूध का मौजूदा थोक भाव 93 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। दूध की कीमत बढ़ने का सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ने की संभावना है।
दूध रोजमर्रा की जरूरत की प्रमुख वस्तुओं में शामिल है। ऐसे में कीमतों में 9 रुपये की वृद्धि से चाय, दूध से बने खाद्य पदार्थ और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
महंगाई से पहले ही परेशान मुंबईकरों के लिए दूध के दाम में यह बढ़ोतरी एक और बड़ा आर्थिक बोझ साबित हो सकती है।

Loading comments...