नागदा (राशिद खान)-
नागदा में आयोजित 'सेवा-सेतु शिविर' आमजन के लिए वरदान साबित हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए विशेष कैंप में लंबे समय से अटके और तकनीकी कारणों से लंबित पड़े रिकॉर्ड 65 आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाऐ गए। इसके साथ ही शिविर में 35 नागरिकों का नि:शुल्क ब्लड टेस्ट कर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर का औपचारिक शुभारंभ नागदा-खाचरौद विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, पूर्व मंत्री सुल्तान सिंह शेखावत, नगरपालिका अध्यक्ष संतोष गेहलोत, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, बिड़ला ग्राम मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन, पूर्व नपाध्यक्ष गोपाल यादव, सांसद प्रतिनिधि ओपी गेहलोत, पूर्व नपाध्यक्ष राजेंद्र अवाना, एल्डरमेन गिरधारी लाल सोनी, पार्षद गौरव यादव, एसडीएम रंजना पाटीदार, तहसीलदार मधु नायक तथा सीएमओ सतीश मटसेनिया की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
वर्षों की परेशानी मिनटों में हुई दूर, चेहरे पर खिली मुस्कान
सेवा-सेतु कैंप में ऐसे कई लाभार्थी पहुंचे जो पिछले कई वर्षों से आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए परेशान हो रहे थे:
पांच साल का इंतजार समाप्त: नागदा निवासी अमरीन पिछले पांच वर्षों से आयुष्मान कार्ड के लिए भटक रही थीं। कैंप में उनका कार्ड तत्काल बन गया, जिस पर उन्होंने अपार प्रसन्नता व्यक्त की।
वय वंदना योजना (70+ आयुवर्ग): वरिष्ठ नागरिक पारसमल जैन को वय वंदना योजना के तहत बिना किसी झंझट के आसानी से आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया।
तकनीकी समस्याओं का समाधान: शादाब खान तथा माता चंदा कुमावत व उनके बच्चों (याशिका और विवान) के कार्ड तकनीकी कारणों से रुके हुए थे। शिविर में महज 2 मिनट में इनका समाधान कर कार्ड जारी कर दिए गए।
चौहान परिवार की तीन बेटियों को लाभ: चौहान परिवार की तीन बेटियों—अंशिका कुंवर, प्रिया कुंवर और सृष्टि कुंवर का कार्ड लंबे समय से नहीं बन पा रहा था, जो आज आसानी से बन गया।
अन्य लाभार्थी: राजेश्वरी, गोवर्धन परमार, नगरपालिका मेट हरि कुमार व उनकी पत्नी राखी बोयत, तथा लालसिंह व सुशीला देवी (पति-पत्नी) को भी त्वरित सेवा का लाभ मिला।
लाभार्थियों ने त्वरित समाधान और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए प्रदेश सरकार, स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का सहृदय आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य विभाग की समर्पित टीम का सराहनीय योगदान
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. संजीव कुमरावत के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मुस्तैदी से अपनी सेवाएं दीं। शिविर में डॉ. मलय वर्मा, डॉ. अशफाक, डॉ. फैजान, सुपरवाइजर दलपत सिंह कछावा, आयुष्मान मित्र सतीश गेहलोत, एएनएम रेखा शर्मा, रेखा लायल, लैब टेक्नीशियन पूजा व टीना, नितेश उपाध्याय, डाटा एंट्री ऑपरेटर मनीष, आशा सुपरवाइजर रेखा मकवाना व सुनीता शर्मा, फार्मासिस्ट अमित तथा वार्ड बॉय ताराचंद ने सक्रिय भूमिका निभाई।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस त्वरित कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सेवा-सेतु अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

Loading comments...