नालासोपारा: महाराष्ट्र के नालासोपारा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी का लालच देकर एक युवती के साथ बार-बार अत्याचार करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इस मामले में मुख्य आरोपी आरिफ अबू शेख, उसकी मां रुकसाना और उनके एक रिश्तेदार साहिल खान के खिलाफ नालासोपारा पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
70 से 80 युवतियों को फंसाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग प्रलोभन देकर करीब 70 से 80 युवतियों को अपने जाल में फंसाया और उनके साथ धोखाधड़ी की। इसके साथ ही आरोपी पर लड़कियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उनका गलत इस्तेमाल करने का भी गंभीर आरोप लगा है। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि इनमें से कुछ वीडियो विदेशों की अश्लील वेबसाइटों पर भेजे गए हैं।
किरीट सोमैया ने की हस्तक्षेप की बात
इस गंभीर मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता किरीट सोमैया ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा है कि वे इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ले रहे हैं और इस संबंध में पुलिस प्रशासन से संपर्क करेंगे।
फिलहाल, नालासोपारा पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आरोपियों की सच्चाई और डिजिटल सबूतों की वास्तविकता साफ हो पाएगी।

Loading comments...