ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
यू.पी बहराइच। जनपद बहराइच के थाना रानीपुर क्षेत्र में दबाल पुलिया के पास 31 अक्टूबर 2026 की देर रात करीब एक बजे उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क पर अचानक नीलगाय आ जाने से चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे बनी नहर में जा गिरी। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात रही कि कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। चालक और स्थानीय लोगों के अनुसार, कार रात के समय दबाल पुलिया के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक एक नीलगाय सामने आ गई। नीलगाय को बचाने और वाहन रोकने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सीधे नहर में जा गिरी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। थाना रानीपुर से महज 800 मीटर की दूरी पर हुई इस दुर्घटना में कार को काफी क्षति पहुंची, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। कार में मौजूद दोनों लोगों के सुरक्षित होने से लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय सड़कों पर अचानक नीलगाय और अन्य पशुओं के सामने आ जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में वाहन चालकों को रात के समय सावधानी बरतने और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की जरूरत है। फिलहाल, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है।

Loading comments...