मुंबई: दक्षिण मुंबई के आज़ाद मैदान पुलिस स्टेशन की टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए नकली पुलिस बनकर विदेशी नागरिकों से लाखों रुपये लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई पूरी ₹17,50,000/- (सत्रह लाख पचास हजार रुपये) की नकदी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला दारसिला मारगनदपाक (निवासी- एन'जामेना, चाड, मध्य अफ्रीका) अपने एक विदेशी मित्र के साथ मुंबई आई थीं। 20 नवंबर 2026 को शाम करीब 7:30 से 7:35 बजे के बीच वे नकदी से भरा बैग लेकर धनजी स्ट्रीट से कोलाबा की ओर टैक्सी से जा रही थीं।
इसी दौरान स्कूटर पर सवार आरोपियों ने धनजी स्ट्रीट से उनका पीछा करना शुरू किया। मेट्रो सिनेमा के पास आरोपियों ने टैक्सी चालक को खुद को 'पुलिस' बताकर गाड़ी रुकवाई। इसके बाद उन्होंने शिकायतकर्ता और उनके मित्र को भी पुलिस होने का रौब दिखाकर डराया और नकदी से भरा बैग जबरन छीनकर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में आज़ाद मैदान पुलिस स्टेशन में रात 11:11 बजे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं (309(4), 319, 317(5), 249, 3(5)) के तहत मामला (गु.र.क्र. 355/2026) दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अलग-अलग जांच टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और तकनीकी जांच (Technical Analysis) की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया। जांच के आधार पर पुलिस टीमों ने चेंबूर, कलवा, ठाणे और अहिल्यानगर इलाकों में जाल बिछाया और घटना के महज 48 घंटे के भीतर आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई पूरी ₹17.50 लाख की रकम बरामद कर ली है।
यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (दक्षिण प्रादेशिक विभाग) शैलेश बलकवडे, पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-1) मनीष कलवानिया, सहायक पुलिस आयुक्त (आज़ाद मैदान विभाग) निलेश सिताराम बागुल और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजू भानुजी बिडकर के मार्गदर्शन में की गई। जांच टीम में पुलिस निरीक्षक (अपराध) अमृत लक्ष्मण पवार, पुलिस निरीक्षक नंदकिशोर नारायण जाधव, सपोनि दिगंबर कोकाटे, सपोनि लिलाधर पाटील, सपोनि कन्हैया शिंदे, पोउनि अझरुद्दिन शेख, मपोउनि काजल पानसरे, पोउनि अभिजीत माने सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Loading comments...