एस.एस. पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस, बच्चों ने वृक्षारोपण, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लिया हिस्सा
ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
यू. पी. बहराइच। जनपद बहराइच के विकासखंड हुजूरपुर अंतर्गत सरवा स्थित एस.एस. पब्लिक स्कूल में 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी बच्चों के लिए विशेष लंच की व्यवस्था की गई। बच्चों ने एक साथ बैठकर भोजन किया और बाल दिवस की खुशियां मनाईं। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत बच्चों ने गीत, संगीत और नृत्य सहित विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों के द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। बच्चों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रकृति को हरा-भरा रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में मौजूद अध्यापकों एवं अध्यापिकाओं ने बच्चों को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के जीवन परिचय, उनके विचारों और देश के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तार से बताया। शिक्षकों ने बच्चों को समझाया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से बेहद स्नेह करते थे। इसी कारण उनके जन्मदिवस 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। साथ ही बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, अच्छे संस्कार और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य मो. हलीम, उपप्रधानाचार्य सुनील, मुख्य अनुशासन अधिकारी शिवम सहित अंशुल, अजीत, चंद्रेश, शमीम, शीतल, पूजा, मोनी, प्रीति, पूनम, अर्चना, आकांक्षा और अंशिका की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विद्यालय परिवार ने सभी बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। इस तरह एस.एस. पब्लिक स्कूल में बाल दिवस का आयोजन यादगार और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Loading comments...