मालेगांव में नाशिक ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नाशिक/मालेगांव*: नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ नाशिक ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मालेगांव में प्रतिबंधित कफ सिरप और अल्प्राजोलम की गोलियों का जखीरा पकड़ा है। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 6 लाख 35 हजार 879 रुपए का माल जब्त किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
नाशिक ग्रामीण पुलिस अधीक्षक डॉ. डी. एस. स्वामी के मार्गदर्शन और अपर पुलिस अधीक्षक मालेगांव सुजन गुंजाल के निर्देशन में एनडीपीएस कार्रवाई प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चला रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मालेगांव शहर में अवैध रूप से नशीली गोलियां और औषधियां बेची जा रही हैं। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक मालेगांव की टीम और मालेगांव शहर पुलिस थाने के अधिकारियों व कर्मचारियों ने संयुक्त कार्रवाई की। 20 अगस्त की रात 11:50 बजे से 21 अगस्त सुबह 3:30 बजे के बीच काली कुट्टी मैदान परिसर में एक पड़ीक इमारत के पास छापा मारा गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों को माल सहित पकड़ लिया।
1200 कफ सिरप की बोतलें, 67,200 गोलियां बरामद
छापेमारी में पुलिस ने ₹2,37,600 कीमत की 1200 बोतलें Tritrolidine Hydrochloride and Codeine Phosphate Cough Linctus बरामद कीं। प्रत्येक बोतल 100 एमएल की है।
इसके अलावा ALPRASCEN-0.5 (Alprazolam Tablets I.P. 0.5 mg) की 4,480 स्ट्रिप में कुल 67,200 गोलियां बरामद की गईं, जिनकी कीमत ₹1,62,579 बताई गई है। पुलिस ने ₹2 लाख कीमत का टाटा एस वाहन, करीब ₹32 हजार कीमत के तीन मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री भी जब्त की है। पूरी कार्रवाई में जब्त माल की कुल कीमत ₹6,35,879 आंकी गई है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथे की तलाश
पुलिस ने मामले में फिरोज खान लुकमान खान, निवासी उमरवाड़ा, सूरत (गुजरात), इरफान खान सईद खान, निवासी शिकारी चौक, मालेगांव तथा वाहिद हसन सिद्दीक हसन, निवासी दयान-ए-रमजानपुरा, मालेगांव को गिरफ्तार किया है। वहीं शादाब, निवासी गणेश नगर, कुसुंबा रोड, मालेगांव फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
मालेगांव शहर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 50/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8(C), 22(C) सहित अन्य प्रावधानों में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 20 अगस्त रात 11:50 बजे से 21 अगस्त सुबह 3:30 बजे तक पुलिस हिरासत में भेजे जाने का उल्लेख प्रेस नोट में किया गया है।
इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक मालेगांव के विशेष पथक के पो.उ.नि. पाराजी वाघमोडे, पो.हवा. राकेश उबाळे, पोशि. राकेश जाधव, दिनेश शिरसाठ, राम निसाळ, अक्षय चौधरी और हेमंत गिलबिले तकनीकी विश्लेषण विभाग नाशिक ग्रामीण और मालेगांव शहर पुलिस थाने के पोनि. संदीप पाटील, सपोनि. दिपक पाटील, सपोनि. नितीन गायकवाड, पो.उ.नि. शहाबाज पाटील व अन्य पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से यह छापा कार्रवाई की।
नाशिक ग्रामीण पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का संकेत देते हुए अपना संदेश दोहराया है—
“नशामुक्त समाज, निरोगी समाज।”

Loading comments...