लियाकत शाह जलगांव
जलगांव जिले में फुटबॉल के विकास के लिए लगातार किए गए उल्लेखनीय कार्यों को राज्य स्तर पर सम्मान मिला है. जलगांव जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव फारुख़ शेख़ को वर्ष 2025 - 2026 को मुंबई में 18 अक्टूबर को सांसद प्रफुल्ल पटेल के हाथों शॉल और प्रमाणपत्र के साथ 'विफा विशेष सम्मान पुरस्कार' प्रदान किया गया.
महाराष्ट्र में फुटबॉल के विकास के लिए कार्यरत वेस्टर्न इंडिया फुटबॉल एसोसिएशन (विफा) हर वर्ष खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों का सम्मान करती है. इस वर्ष का विशेष सम्मान पुरस्कार फारुख़ शेख़ को व्यक्तिगत रूप से दिया गया.
पुरस्कार के प्रमाणपत्र में उल्लेख है कि राज्य और जिले में फुटबॉल के विकास में उल्लेखनीय योगदान के सम्मान में फारुख़ शेख़ को यह पुरस्कार दिया जा रहा है.
मुंबई के कूपरेज फुटबॉल मैदान पर आयोजित सम्मान समारोह में विफा के अध्यक्ष एवं सांसद प्रफुल्ल पटेल के हाथों फारुख़ शेख़ को शॉल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश वोरा के हाथों प्रमाणपत्र, पूर्व मंत्री एवं विधायक विश्वजीत कदम के हाथों स्मृति चिह्न तथा पूर्व विधायक मालोजीराव छत्रपति के हाथों ट्रॉफी प्रदान की गई. इस अवसर पर उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुनील धांडे, सचिव प्रो. डॉ. किरण चौगुले और कोषाध्यक्ष सलीम परकोटे उपस्थित थे.
फारुख़ शेख़ ने जलगांव जिले में फुटबॉल एसोसिएशन की गतिविधियों का विस्तार करते हुए खिलाड़ियों के विकास को बढ़ावा दिया है। उन्होंने लड़कों और लड़कियों की प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया, स्कूली फुटबॉल को प्रोत्साहन दिया, जिला एवं राज्य स्तर की स्पर्धाओं की योजना बनाई और नए व उभरते खिलाड़ियों को अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया.
इस सम्मान से जलगांव जिले के फुटबॉल खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, रेफरी, स्कूली खेलों से जुड़े शिक्षकों और पदाधिकारियों का उत्साह बढ़ेगा, और जिले में फुटबॉल के विकास की गति को और तेज करने का संकल्प इस अवसर पर व्यक्त किया गया.
इस उपलब्धि पर फुटबॉल एसोसिएशन के संरक्षक अशोक भाऊ जैन, अतुल भाऊ जैन, अध्यक्ष डॉ. उल्हास पाटील, जलगांव जिला फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, रेफरी, खेल क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, एकता संगठन और फुटबॉल प्रेमियों की ओर से फारुख़ शेख़ को बधाई दी जा रही है.
फोटो कैप्शन: फारुख़ शेख़ का सम्मान करते हुए प्रफुल्ल पटेल, मालोजीराव छत्रपति, हरीश वोरा, विश्वजीत कदम, सुनील धांडे, प्रो. डॉ. किरण चौगुले एवं अन्य.


Loading comments...